हिसार। जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देकर एक युवक उसकी 18 वर्षीय बेटी को साथ ले गया। धमकी से डरे व्यक्ति ने सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। इस बारे में परिजनों की शिकायत पर अग्रोहा थाना पुलिस ने मृतक की बेटी व उसे साथ ले जाने वाले युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में एक व्यक्ति ने कहा कि उमरा गांव का सीटू कुछ दिन से उसके बड़े भाई की बेटी का पीछा कर रहा था। उसने धमकी दी थी कि अगर बेटी की शादी उसके साथ नहीं की तो वह उसका अपहरण कर लेगा। आरोपी युवक 13 दिसंबर की रात भतीजी को घर से भगा ले गया। इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई। बड़े भाई ने धमकी व बदनामी से डरकर 14 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे खेत में सल्फास की गोली खा ली। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।