हिसार। हरिकोट गांव के पास बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे सड़क पर अचानक बेसहारा पशु आने से चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार 35 वर्षीय रावलवास खुर्द निवासी फाइनेंसर कश्मीरी लाल की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गुलशन घायल हो गया। दोनों हिसार के गांधी नगर में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले वीरवार सुबह नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से रावलवास खुर्द निवासी कश्मीरी लाल अपने परिवार के साथ आजाद नगर में रहता था और फाइनेंस का काम करता था। बुधवार को कश्मीरी लाल अपने दोस्त गुलशन के साथ कार में शादी समारोह में गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों कार में बैठकर आजाद नगर आ रहे थे। हरिकोट गांव के पास अचानक कार के सामने बेसहारा पशु आ गया, जिस कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और कार पेड़ से जा टकराई। जख्मी हालत में दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने कश्मीरी लाल को मृत घोषित कर दिया।