नारनौंद। गांव ढाणी ब्राह्मण में आधी रात घर में घुसकर महिला ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर पति को डंडों और लोहे की रॉड से पीटा। घायल किसान को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पत्नी समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव ढाणी ब्राह्मण निवासी भाल सिंह (49) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी पत्नी मुकेश दो अगस्त की रात करीब एक बजे भिवानी जिले के तोशाम के गांव सागवान निवासी उनके साले बलजीत और विक्रम के साथ उनके घर पर पहुंची। उस समय भाल सिंह घर के मुख्य दरवाजे पर सोए थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उन्हें दबोच लिया और जबरन घर के पिछले कमरे में ले जाकर फर्श पर गिराकर डंडों और लोहे की रॉड से रातभर पीटा। सुबह उसका बेटा अमन जागा तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर भाल सिंह की भाभी मौके पर पहुंचीं। वहीं, हांसी से पहुंचे भाई ज्ञानी राम ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे हिसार के अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच अधिकारी अमन कुमार ने बताया कि घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं। भाल सिंह की पत्नी मुकेश, साले बलजीत और विक्रम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।