हिसार। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टरों में सड़कों की सफाई के एस्टीमेट तैयार कर दिए हैं। साथ ही इन एस्टीमेट को मंजूरी के लिए प्रशासन के पास भेज दिया गया है। यहां से इन एस्टीमेट को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उधर, नगर निगम ने वार्ड 11 से 20 में घरों से कचरा उठाने का टेंडर फिर से लगाया है। यह टेंडर 26 जून को खुलेगा।
बता दें कि एचएसवीपी के अधीन शहर के 6 सेक्टर आते हैं। इन सेक्टरों का सफाई का टेंडर वर्ष 2023 में खत्म हो गया। इस टेंडर में घरों से कचरे का उठान व सड़कों पर झाड़ू लगाने का काम किया जाता था। हालांकि इसके बाद नगर निगम की तरफ से इन सेक्टरों से भी घरों से कचरे का उठान शुरू कर दिया गया, लेकिन आज तक सड़कों की सफाई का टेंडर नहीं लगाया गया।
एक करोड़ रुपये से कम राशि के बनाए गए एस्टीमेट
एचएसवीपी प्रशासक के पास एक करोड़ रुपये तक के एस्टीमेट को मंजूरी देने की पावर होती है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने एक करोड़ रुपये से कम राशि के एस्टीमेट तैयार किए हैं, ताकि इन्हें प्रशासक से ही मंजूर करवाया जा सके। अगर यह राशि एक करोड़ रुपये के अधिक होती है तो ये एस्टीमेट मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजने पड़ेंगे और इनकी मंजूरी में ज्यादा समय लगेगा।
शहर-सेक्टर-राशि
हिसार-1, 4 व हाउसिंग बोर्ड-80 लाख रुपये
हिसार- 3, 5 व 4 पार्ट टू-86 लाख रुपये
हिसार-33-99 लाख रुपये
हिसार-14 पार्ट टू-40 लाख रुपये
हांसी-5, 6 पार्ट टू-71 लाख रुपये
हांसी- ऑटो मार्केट-47 लाख रुपये
फतेहाबाद-3 व 3 पार्ट टू-70 लाख रुपये
भट्टू-मंडी टाउनशिप-56 लाख रुपये
आदमपुर-मंडी टाउनशिप-47 लाख रुपये
दोबारा आ सकती है अड़चन
हालांकि अधिकारियों ने एस्टीमेट तैयार कर दिए हैं। इन एस्टीमेट को जल्द मंजूरी भी मिल जाएगी। मगर इसमें दोबारा अड़चन आ सकती है। सूत्रों की मानें तो अगले माह एचकेआरएन के रेट रिवाइज होंगे। चूंकि ये रेट पुराने हैं तो ठेकेदार पुराने रेट में काम नहीं करना चाहेंगे। ऐसे में अधिकारियों को फिर से नए एस्टीमेट बनाने होंगे।
-
नगर निगम ने फिर से लगाया वार्ड 11 से 20 का टेंडर
नगर निगम ने वार्ड 11 से 20 में घरों से कचरा उठाने का टेंडर दोबारा लगाया है। यह टेंडर 26 जून को खुलेगा। अधिकारियों के अनुसार गाइडलाइन में बदलाव के कारण डीएनआईटी में बदलाव करना पड़ा और उसे दोबारा से मंजूर करवाना पड़ा। इससे पहले जो टेंडर लगाया गया था, वह 10 जून को खोला जाना था। फिलहाल वार्ड 11 से 20 में घरों से कचरा उठा रही एजेंसी का टेंडर 30 जून को खत्म हो जाएगा। चूंकि इतने कम समय में यह टेंडर अलॉट नहीं होगा तो ऐसे में संभावना है कि जब तक नया टेंडर अलॉट नहीं होता, तब तक निगम के कर्मचारी ही इन वार्डों से कचरा एकत्रित करेंगे।
सफाई के टेंडर के लिए एस्टीमेट तैयार कर प्रशासक के पास भेज दिए हैं। वहां से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- आंचल भास्कर, संपदा अधिकारी, एचएसवीपी।