हिसार के गांव मंगाली में आयोजित वीसीएल के प्रतिभागी।
हिसार। ओआईटीएम रूट्स फाउंडेशन ने विलेज चैंपियन लीग (वीसीएल) के तहत कैमरी क्षेत्र के 10 गांवों में खेल जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों के बच्चों को खेल गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा से जोड़ना और उनका सर्वांगीण विकास करना है।
संस्था के प्रतिनिधि सुंदर ने बताया कि खेलों के जरिये बच्चों को सीखने के नए अवसर मिलेंगे, जिससे पढ़ाई में उनकी रुचि बढ़ेगी। परियोजना के तहत जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी, ताकि वे अपनी शिक्षा जारी रख सकें और आर्थिक बाधाओं के कारण पढ़ाई न छोड़ें।
परियोजना में मंगाली, कैमरी, दया, हरिता, बड़्याब्राह्मणान, नलवा, भोजराज और सहरवा सहित कुल 10 गांव शामिल हैं। सभी गांवों में इसकी शुरुआत हो चुकी है। पहल का लक्ष्य ग्रामीण बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने और उनकी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।