हिसार। उत्तर प्रदेश के झांसी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में रविवार को हॉकी हरियाणा ने चंडीगढ़ को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। हरियाणा के रमन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टीम के कोच और द्रोणाचार्य अवॉर्डी संदीप सांगवान ने बताया कि दीपक ने 20वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद हरपाल ने 26वें और 28वें मिनट में दो फील्ड गोल कर बढ़त 3-0 कर दी। पंकज ने 51वें और शुभम ने 60वें मिनट में गोल करके स्कोर 5-0 पहुंचा दिया। चंडीगढ़ की ओर से एक गोल हुआ। हरियाणा के सभी पांच गोल फील्ड गोल थे।
सांगवान के अनुसार, पूल डी में हरियाणा इससे पहले दिल्ली और मणिपुर को हरा चुका है। अगले मुकाबले में टीम पंजाब और महाराष्ट्र के बीच होने वाले मैच की विजेता से भिड़ेगी। हॉकी हरियाणा के अध्यक्ष एडवोकेट जयदीप मलिक और उपाध्यक्ष सुनील मलिक ने कोच व कप्तान से बातचीत कर टीम को जीत की बधाई दी।