हिसार। रेड स्कवेयर मार्केट स्थित एसबीआई के एटीएम और भिवानी रोहिल्ला स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को काटकर करीब 9.29 लाख रुपये चोरी मामले के 22 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। भिवानी रोहिल्ला मामले में आरोपियों की गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट जांच में फर्जी मिली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।
7 जून की रात को चोरों ने हिसार के रेड स्कवेयर मार्केट स्थित एसबीआई के एटीएम को काटकर 3 लाख 38 हजार 200 रुपये और भिवानी रोहिल्ला में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम काटकर 5 लाख 90 हजार 200 रुपये चोरी कर लिए थे। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने काले रंग की ब्रेजा और भिवानी रोहिल्ला के लिए सफेद रंग की ब्रेजा गाड़ी इस्तेमाल की थी।
पुलिस का कहना था कि इन दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है और यह गिरोह यमुनानगर व अंबाला में भी एटीएम चोरी की वारदात अंजाम दे चुका है। बालसमंद चौकी प्रभारी रविंद्र ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल गाड़ी की नंबर प्लेट फर्जी मिली है। फिलहाल टीमें जांच में जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कैमरे में कैद हुए थे आरोपी : पुलिस का कहना था कि दोनों वारदात में आरोपी कैमरे में रिकॉर्ड हुए हैं। इसके साथ ही दोनों वारदात में गाड़ियों की नंबर प्लेट भी सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी। भिवानी रोहिल्ला की एटीएम से चोरी करने वाले आरोपियों ने अपने चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी लगा रखी थी।
पुलिस ने जब भिवानी रोहिल्ला की वारदात में इस्तेमाल गाड़ी की नंबर प्लेट की जांच की तो वह फर्जी निकली। इसने जांच टीमों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।