हिसार में खंभे पर चढ़ाते समय हुक टूटने से गिरा ट्रांसफार्मर।
हिसार। खंभे पर चढ़ाते समय हुक टूटने से ट्रांसफार्मर गिर गया। इससे आक्रोशित यूनियन ने बिजली निगम प्रबंधन पर घटिया गुणवत्ता के ट्रांसफार्मर खरीदने का आरोप लगाया है।
सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन की सातरोड उप शाखा की बैठक मंगलवार को उपशाखा के प्रधान बोबिंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों ने बिजली निगम प्रबंधन पर घटिया गुणवत्ता के ट्रांसफार्मर खरीदने का आरोप लगाया। उन्होंने कर्मचारियों की अनदेखी कर उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ का भी आरोप लगाया।
यूनियन के राज्य उपप्रधान जगमेंद्र पूनिया, राज्य नेता धर्मेंद्र शर्मा, सर्कल सचिव ओमप्रकाश वर्मा, यूनिट प्रधान बिजेंद्र पूनिया और सचिव रमेश सातरोड ने बताया कि मंगलवार को सातरोड उपखंड प्रबंधन ने 200 किलोवाट का नया ट्रांसफार्मर निकलवाया गया। इस ट्रांसफार्मर को जब मौके पर कर्मचारियों ने एच आकार के खंभे पर चढ़ाया तो इसके हुक टूट गए और ट्रांसफार्मर गिर गया। इससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि जब ट्रांसफार्मर को वापस स्टोर लाया तो वहां के अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर बदलने से मना कर दिया।