मंदिर परिसर में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंदिर के महंत राहुल शर्मा।
हिसार। श्री बांके बिहारी बड़ा मंदिर परिसर स्थित श्री राधे कृष्णा बड़ा मंदिर में 26 फरवरी से आरंभ होने वाले फाल्गुन महोत्सव के तहत मंदिर को 30 क्विंटल फूलों से सजाया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए 56 भोग व मां अन्नपूर्णा की रसोई का विशेष भंडारा लगाया जाएगा। मंदिर के महंत राहुल शर्मा ने बताया कि 482वें प्राकट्य फाल्गुन महोत्सव को इस बार भव्य रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी शुभ मुहूर्त के अनुसार 1 मार्च को श्री वृंदावन धाम हिसार में मुख्य उत्सव दिवस तय किया गया है। महोत्सव चार दिन तक चलेगा और देश-विदेश में रहने वाले भक्त इसका बेसब्री से इंतजार करते हैं।
26 फरवरी को श्री बांके बिहारी और राधे रानी की मेहंदी चुंदड़ी रस्म होगी, जिसमें भक्त चुनरी पर हाथों की थाप देकर मन्नत मांगेंगे और मंदिर में मेहंदी की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन राधे रानी का विशेष शृंगार और श्री बांके बिहारी की बांसुरी अर्पित करने की परंपरा भी निभाई जाएगी।
27 फरवरी को नगर कीर्तन और रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु श्री ठाकुर की शोभायात्रा में भाग लेंगे। 1 मार्च को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक भजन सत्संग होगा। इसमें सोनिया शर्मा, रूपाली, शैलेंद्र शर्मा, पूजा शर्मा, जीतू माली और मोहन तनेजा भजनों की प्रस्तुति देंगे।