हिसार। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के लिए तीन सदस्यीय टीम सोमवार को शहर पहुंची। टीम ने पहले ही दिन से सर्वे शुरू कर दिया। इस दौरान टीम के कुछ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और अन्य क्षेत्र जांचे। सर्वे का काम मंगलवार को भी जारी रहेगा।
स्वच्छ सर्वेक्षण 12500 अंक का है। इसमें सफाई के 1,500 अंक, कचरे के वर्गीकरण, एकत्रीकरण व यातायात के 1,000 अंक, ठोस कचरा प्रबंधन के 1,500 अंक, प्रयुक्त जल प्रबंधन के 1,000 अंक, नागरिक प्रतिक्रिया एवं शिकायत निवारण के 500 अंक, स्वच्छता की वकालत के 1,500 अंक निर्धारित किए गए हैं।
पहले दिन 6 घंटे चला सर्वे
सर्वे करने वाली टीम सुबह करीब 11:30 बजे पहुंची और दोपहर करीब 12 उसने सर्वे का काम शुरू किया। इस दौरान टीम ने शहर के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इसके तहत टीम ऋषि नगर, सातरोड और तोशाम रोड पर बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर पहुंची। टीम ने इन प्लांट की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। साथ ही यह देखा कि क्या प्लांट से साफ होकर निकले पानी का दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा है या नहीं, क्योंकि पानी के दोबारा इस्तेमाल करने के एक हजार अंक है। इसके अलावा टीम ने मॉडल टाउन एरिया व ऋषि नगर एरिया की सफाई व्यवस्था भी देखी। टीम शहर के बस स्टैंड पर गई और यहां सफाई का जायजा लिया।
यूं किया जा रहा है सर्वे
सर्वे करने वाली टीम के पास ऑनलाइन लोकेशन आती हैं। इसके बाद टीम निकाय के कर्मचारियों की मदद से उन लोकेशन पर जाती है और वहां का जायजा लेती है। इस दौरान टीम के सदस्य वहां के फोटो लेकर उसे ऑनलाइन अपलोड करते हैं। साथ ही वहां की स्थिति के बारे में भी रिपोर्ट मौके पर ही अपलोड करते हैं।
इस बार सर्वे में निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान
इस बार सर्वे में निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान किया गया है। अगर क्लेम व फील्ड निरीक्षण में 20 प्रतिशत से ज्यादा अंतर मिलता है तो उस निकाय के अंक काटे जाएंगे। अगर अंतर 21 से 30 प्रतिशत के बीच मिलता है तो 15 अंक, 31 से 40 प्रतिशत के बीच के 20 अंक, 41 से 50 प्रतिशत के बीच के 25 अंक और अंतर 50 प्रतिशत से ज्यादा मिलता है तो 30 अंक काटे जाएंगे।
अब तक स्वच्छता सर्वेक्षण में मिली रैंकिंग
वर्ष-देश में रैंकिंग-प्रदेश में रैंकिंग
2023-194-7
2022-115-8
2021 -165- 5
2020 -105 -6
2019 -173- 7
2018 -146- 5
2017 -291- 6
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए टीम शहर आ गई है और सर्वे शुरू हो गया है। इस बार सर्वे में शहर की रैंकिंग में सुधार होने की उम्मीद है। पिछली बार की काफी कमियों को इस बार पूरा किया गया है। -डॉ. प्रीतपाल, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम, हिसार।