एयरपोर्ट पर एयर शो के दोरान हवाई जहाज के करतब देखकर कुछ इस अंदाज में जताई खुशी। संवाद
हिसार। महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर रविवार को आयोजित एयर शो में सूर्य किरण की टीम ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाए। इन करतबों को देखकर लोगों ने खूब तालियां बजाईं। इस दौरान सूर्य किरण की टीम ने कभी धुएं से दिल बनाया तो कभी युवाओं के लिए वाई की आकृति बनाई। कार्यक्रम के लिए बनाए गए पंडाल में 8 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ ने इस शो का आनंद उठाया। खास बात यह रही कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस शो को लेकर उत्साह नजर आया।
रविवार सुबह सवा 10 बजे एयर शो शुरू हुआ। सबसे पहले हॉक टी-1 के 9 हवाई जहाजों ने आसमान में धुएं से तिरंगा बनाया। इसके साथ ही दर्शकों ने सीटियों व तालियों से टीम का स्वागत किया। ग्रुप कैप्टन अजय बसरती सूर्य किरण एरोबेटिक टीम का नेतृत्व कर रहे थे। इसके बाद टीम ने हवाई जहाज से वाई, डायमंड व तेजस, डीएनए और धुएं से दिल की आकृति बनाई।
इसके अलावा कभी दो तो कभी तीन हवाई जहाज आमने-सामने से तेज गति से आए और एक-दूसरे के काफी नजदीक से होते हुए गुजरे। यही नहीं इस दौरान हवाई जहाज को उल्टा करके भी उड़ाया गया। ऐसे करतब देखकर दर्शक दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए। करीब पौने घंटे तक यह शो चला। इस दौरान लोगों ने अपने मोबाइल में ये करतब रिकॉर्ड किए। इस शो में विशेष तौर पर स्कूलों के विद्यार्थी और एनसीसी कैडेट्स भी आए हुए थे।
हिसार के जसदीप सिंह दहिया भी थे टीम में शामिल
हवाई जहाज से करतब दिखाने वाली टीम में हिसार निवासी स्क्वाड्रन लीडर जसदीप सिंह दहिया भी शामिल थे। जसदीप सिंह दहिया आर्मी पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट रह चुके हैं। हालांकि टीम में कुल 13 सदस्य थे, जिनमें से 9 सदस्य हवाई जहाज और 4 सदस्य जमीन पर थे। सूर्य किरण टीम की कमेंटेटर फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने बताया कि विंग कमांडर साहिल गांधी हिसार के बेटे हैं और सूर्य किरण टीम में शामिल एक जांबाज पायलट थे, जिन्होंने वर्ष 2019 में अपने कर्तव्य को निभाते हुए देश की सेवा में अपनी जान न्योछावर कर दी थी। इस शो के माध्यम हम उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कंवल संधू ने बताया कि टीम में कुछ पायलट हरियाणा के भी थे और उनके परिवार व गांव वाले उनका जमीन आज हौसला बढ़ा रहे थे। ये हमारा सौभाग्य रहा कि हम अपने ही लोगों के बीच में ये शो कर रहे थे। इसके अलावा इस शो के माध्यम से हम युवाओं को प्रेरित करना चाहते हैं कि वे हमारी भारतीय सेना में शामिल होने के लिए आगे बढ़े और देश की सेवा में हमारा हाथ बटाएं। ये टीम अंबाला से ऑपरेट की जा रही थी और इसने सिरसा में जाकर लैंड किया है। टीम का हर सदस्य से 6 से 8 माह का कठिन प्रयास करता है। इसके बाद ही इस तरह के शो को करने में सक्षम बनते हैं।
शो खत्म होने के बाद हाईवे पर लगा जाम
जैसे ही शो खत्म हुआ, ठीक वैसे ही हाईवे पर जाम लग गया। इस दौरान हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। दो घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। हालांकि ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात था।