फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: साउथ बाईपास से हिंदवान मोड़ तक सवा करोड़ में रोशन होगा स्टेट हाईवे

Sat, 13 Dec 2025 11:58 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
बालसमंद। साउथ बाईपास से हिंदवान मोड़ तक बने फोरलेन स्टेट हाईवे को सवा करोड़ रुपये की लागत से रोशन किया जाएगा। करीब पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। सड़क के बीच ग्रिल के मध्य बिजली के खंभे खड़े कर दिए गए हैं। एक माह के भीतर कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिसके बाद जनवरी से यह मार्ग पूरी तरह रोशन हो जाएगा।
विज्ञापन


अब तक नगर निगम की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था हिसार शहर से साउथ बाईपास तक ही सीमित थी। इसके आगे अंधेरा रहने के कारण इस मार्ग पर लावारिस पशुओं का डेरा रहता था, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी मार्ग पर महीने में करीब पांच लोगों की मौत तक हो चुकी है। बड़े‑बड़े ब्रेकर और पर्याप्त रोशनी न होने के कारण वाहन चालकों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट लगने से हादसों पर काफी हद तक रोक लगेगी। आर्यनगर गांव के आबादी क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण की समस्या भी बनी हुई है। ऐसे में रोशनी होने से वाहन चालकों के साथ‑साथ राहगीरों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन


सर्दियों के मौसम में धुंध और कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। ऐसे समय में स्ट्रीट लाइट की कमी हादसों का बड़ा कारण बनती रही है। अब लाइटें लगने से रात के समय और खराब मौसम में भी आवागमन अधिक सुरक्षित हो सकेगा।

इस कार्य का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी होने से न केवल दुर्घटनाएं कम होंगी, बल्कि रात के समय सफर भी सुरक्षित और सुगम बनेगा। वहीं प्रशासन का दावा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।



साउथ बाईपास से हिंदवान मोड़ तक बने स्टेट हाईवे के फोरलेन रोड पर लाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मार्ग पर पोल खड़े किए जा रहे हैं। करीब एक माह में पूरे मार्ग पर लाइट लगाए जाने का उद्देश्य है।
विज्ञापन


- सुमेर नेहरा, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी, हिसार।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें