हिसार। जिले में कोरोना महामारी के केस लगातार सामने आ रहे है। शहर के पूर्व निगम आयुक्त के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अब उनके बेटे भी संक्रमित मिले है। शनिवार को तीन नए केस सामने आए हैं। जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि शनिवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 3 नए मामले सामने आए हैं। जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 24 और रिकवरी रेट घटकर 98.06 हो गया है। उन्होंने बताया कि जिले में 9 लाख 29 हजार 631 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 62 हजार 165 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 60 हजार 962 मरीज कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 तथा तीसरी लहर में 38 संक्रमित मरीजों की मृत्यु हुई है। बता दें कि कुछ दिन पहले निगम के पूर्व आयुक्त कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनके बाद उनके परिजनों के भी सैंपल लिए गए थे। अब उनके बेटे भी कोरोना संक्रमित मिले है। उनका उपचार शुरू कर दिया है।