हांसी (हिसार)। नगर परिषद द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शुक्रवार शाम सदर बाजार व बस अड्डे के पीछे फिरकी वाली गली में नगर परिषद के कर्मचारी और दुकानदार आपस में उलझ गए। सदर बाजार में दुकानदारों ने नगर परिषद कर्मचारियों का सामान उठाने को लेकर विरोध किया तो हाथापाई तक की नौबत आ गई। परिषद कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर रखा सामान उठा लिया और परिषद में ले जाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में डाल दिया। उसी दौरान फिरकी वाली गली में महिला दुकानदार के साथ काफी देर तक नगर परिषद की महिला कर्मचारी के साथ बहस हुई। काफी देर हंगामे के बाद नगर परिषद के कर्मचारियों को महिला पुलिस बुलानी पड़ी। उसके बाद हंगामा शांत हुआ।
टीम ने हिसार चुंगी, त्रिकोणा पार्क, सदर बाजार, जींद चौक, उमरा गेट, बड़सी गेट पर अभियान चलाया। टीम जब विश्वकर्मा चौक के समीप दुकानों के बाहर रखे फ्लैक्स उठा रही थी तो एक दुकानदार परिषद कर्मियों के साथ उलझ गया। दुकानदार ने कहा कि परिषद ने बिना किसी चेतावनी के उनका फ्लैक्स उठा लिया। उन्हें भी एक सप्ताह का नोटिस दिया जाए। दुकानदार ने एसडीएम परिषद के अधिकारियों मौके पर बुलाने को कहा और बोले कि मैं उनसे बात करूंगा। एक अन्य दुकानदार ने कहा कि प्रताप बाजार जैसे मुख्य बाजारों में जमकर अतिक्रमण है, पहले उन्हें हटवाया जाए। आस पास के अन्य दुकानदारों ने उन्हें समझा-बुझा कर शांत करवाया। परिषद कर्मियों ने दुकानदारों के विरोध के बाद भी किसी का फ्लैक्स वापस नहीं लौटाया। नगर परिषद अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान को कब्जे में लेकर जिस ट्रैक्टर में सामान डाल रही थी, उस ट्रैक्टर का बड़सी गेट पर तेल खत्म हो गया। काफी देर तक टीम को इंतजार करना पड़ा।