हांसी। लाखों रुपयों का खर्चा, पर्याप्त संसाधन होने के वावजूद शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल होने पर सोमवार को विधायक विनोद भयाना का गुस्सा फूट पड़ा प्रशासनिक सुस्ती पर रोष जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को 15 दिन में व्यवस्था में सुधार के लिए निर्देश दिए। विधायक ने दो टूक कहा कि कोरे आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। धरातल पर बदलाव दिखना ही चाहिए।
सोमवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में सफाई व्यवस्था, बरसाती पानी की निकासी और कचरा प्रबंधन की समीक्षा बैठक में विधायक ने अधिकारियों से जवाब तलबी की। विधायक ने कहा कि सरकार सफाई व्यवस्था पर लाखों रुपये खर्च कर रही है और संसाधनों की भी कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद शहर में जगह-जगह अवैध डंपिंग प्वाइंट बने हुए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अवैध डंपिंग प्वाइंट तत्काल समाप्त किए जाएं तथा सार्वजनिक स्थानों और नालियों में कचरा या गोबर डालने वालों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाए। गोबर संग्रहण के लिए निर्धारित समय तय कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने नगर परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर सफाई व्यवस्था, सीवरेज सफाई और बरसाती पानी की निकासी का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। पिछले वर्ष जिन क्षेत्रों में जलभराव हुआ था वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर समय रहते निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीसी और डीएमसी ने भी शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कार्ययोजना प्रस्तुत की। विधायक ने कहा कि यदि सभी अधिकारी और संबंधित एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं तो शहर की तस्वीर बदली जा सकती है।
इस दौरान डीसी राहुल नरवाल, डीएमसी लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, सीएमजीजीए प्रतीक्षा सांगवान, विधायक विनोद भयाना के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर परिषद व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक किए जाएं
विधायक ने नगर परिषद को एकीकृत सफाई हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। वार्डवार सुपरवाइजर, स्वास्थ्य निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं ताकि आमजन शिकायत कर सकें।
डीएमसी ने बताया सफाई का प्लान, 15 दिन में असर दिखाने का दावा :
डीएमसी लक्षित सरीन ने बताया कि शहर में रोड स्वीपिंग का कार्य हांसी आदर्श कोऑपरेटिव सोसायटी को सौंपा गया है। पूरे शहर को पांच जोन में विभाजित किया गया है। दो जोन नगर परिषद व तीन जोन एजेंसी के माध्यम से संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक शाम विशेष अभियान के तहत एक वार्ड में 50 से 60 कर्मचारियों की टीम सफाई, नालों की सफाई व कचरा उठाने का कार्य करेगी। प्रत्येक वार्ड के लिए अलग ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। आगामी 15 दिन में शहर की सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार दिखाई देगा।
नालों की सफाई जारी
बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पिछले तीन महीनों में शहर के प्रमुख नालों एवं ड्रेनों की मशीनों के माध्यम से व्यापक सफाई करवाई गई है। शेष स्थानों पर भी अभियान लगातार जारी है। बरसात से पूर्व सभी प्रमुख जल निकासी मार्गों को पूरी तरह साफ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
:::::::::::::::
मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करेंगे। नगर परिषद एवं जनस्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से प्रतिदिन फील्ड निरीक्षण करेंगे। प्रगति रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग होगी। लापरवाही पर अधिकारी एवं एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।- राहुल नरवाल, डीसी।