हिसार। गांव मुकलान से रावलकलां के बीच मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बनाई जा रही करीब 7 किलोमीटर लंबी सड़क पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में अनियमितता बरती गई है। आरोप है कि बिना बजरी के तारकोल में थर्मल पावर प्लांट की राख मिलाकर सड़क बनाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली ही बारिश में सड़क टूट सकती है।
ग्रामीण सत्यवान श्योराण ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पहले भी शिकायतें की गई थी। गांव के सरपंच ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने निर्माण में खामियों की बात मानी, लेकिन कोई सुधार नहीं किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने टेंडर प्रक्रिया और निर्माण मानकों के बारे में जानकारी मांगी तो अधिकारियों ने जानकारी देने से इन्कार कर दिया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ब्यूरो