धान्सू के पास रेलवे अंडरपास में भरा पानी।
हिसार। हिसार-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर स्थित धान्सू का रेलवे अंडरपास पिछले कई महीनों से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। अंडरपास में पानी भर जाने के कारण यह पूरी तरह बंद हो गया है जिससे ग्रामीणों को महज कुछ मीटर की दूरी तय करने के लिए लगभग 6 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
ग्रामीण राम प्रकाश बिश्नोई ने बताया कि पैदल भी अंडरपास से गुजरना मुश्किल हो गया है। गेहूं की कटाई का समय नजदीक होने के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। पानी की निकासी न होने पर फसल की ढुलाई और कृषि उपकरणों को खेत तक पहुंचाना मुश्किल हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
धान्सू और आसपास के गांवों के लोग चेतावनी दे रहे हैं कि यदि गेहूं की कटाई से पहले अंडरपास का पानी नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय ग्रामीण हनुमान राड़, जोगीराम वर्मा, उग्रसेन खलेरी, संदीप खलेरी, राजेश राड़, गुलाब वर्मा, राजेश खलेरी और बजरंग भाखर ने प्रशासन से पंप सेट लगाकर जल निकासी कर रास्ता सुचारू करने की मांग की है।