अग्रोहा। दीपावली पर मिट्टी के दीयों की बढ़ती मांग से कुम्हारों के चाक पर उम्मीदों के उजाले आकार ले रहे हैं। पिछले करीब एक महीने से प्रजापत समाज के कुम्हार परिवार दीये और मिट्टी के बर्तन तैयार करने में जुटे हैं।
अब दीये बाजार में पहुंचने लगे हैं जबकि कुछ स्थानों पर इन्हें तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। सुबह होते ही चाक चलने की आवाज गूंजने लगती है और देर रात तक दीये बनाने का काम जारी रहता है। कुम्हारों के घरों और आंगनों में सूखने के लिए रखे मिट्टी के दीये नजर आ रहे हैं।
कुम्हार समाज के लोगों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में चीनी लाइटों और इलेक्ट्रिक झालरों के कारण मिट्टी के दीयों की मांग कम हो गई थी, लेकिन इस बार लोगों में पारंपरिक दीयों के प्रति फिर से रुझान बढ़ा है। लोग घरों को सजाने के लिए देसी दीयों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
दीयों के दाम
छोटा दीया : एक रुपये
बड़ा दीया : 10 से 50 रुपये
रंगीन और डिजाइन वाले दीये : 10 से 50 रुपये
थोक भाव : एक हजार दीये 500 से 700 रुपये तक
ऑर्डर पूरे करने के लिए देर रात तक कर रहे काम
गांव नंगथला निवासी ज्ञानीराम कुम्हार ने बताया कि पूरा परिवार रोजाना करीब एक हजार से दो हजार दीये तैयार कर रहा है। परिवार के सदस्य अलग-अलग काम संभाल रहे हैं। कोई मिट्टी गूंथता है कोई चाक पर दीये बनाता है तो कोई उन्हें धूप में सुखाता है। दीपावली से पहले सभी ऑर्डर पूरे करने के लिए देर रात तक काम करना पड़ रहा है। अब लोग गांव में आकर सीधे दीये खरीद रहे हैं। कोई घर के लिए 100-200 दीये ले जाता है तो मंदिर, दुकान और स्कूलों के लिए हजारों दीयों के ऑर्डर भी मिल रहे हैं। सादे दीयों के साथ रंग-बिरंगे और डिजाइन वाले दीयों की भी मांग है। लोग इन्हें आंगन, छत और दरवाजे सजाने के लिए पसंद कर रहे हैं।
लागत में इजाफा बढ़ा रहा परेशानी
गंगा सिंह कुम्हार ने बताया कि मांग बढ़ने के बावजूद लागत में इजाफा परेशानी बढ़ा रहा है। पहले मिट्टी की एक ट्राली चार हजार रुपये में मिल जाती थी, अब इसके लिए छह से सात हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। मिट्टी की किल्लत के कारण इसे दूर से लाना पड़ता है। दीये पकाने के लिए जगह की कमी है। लकड़ी और बुरादे का खर्च भी बढ़ गया है। इलेक्ट्रिक चाक से काम जल्दी होता है, लेकिन बिजली का खर्च भी बढ़ा है। इसके बावजूद परिवार दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ताकि दीपावली पर लोगों को दीयों की कमी न हो।
दीये हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान
राजाराम प्रजापति ने बताया कि दीयों के दाम आम आदमी की पहुंच में रखे गए हैं। एक रुपये के छोटे दीये से लेकर 50 रुपये तक के डिजाइन वाले दीये उपलब्ध हैं। मिट्टी के दीये हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं। दीपावली पर इन्हें जलाने से घर में सुख-शांति आती है और वातावरण भी शुद्ध रहता है।