हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी एशिया रैंकिंग-2027 में भारत में 192वां और दक्षिण एशिया में 354वां स्थान प्राप्त किया है। एशिया की रैंकिंग में विश्वविद्यालय को 1101-1200 के बीच जगह मिली है। इस वर्ष एशिया के 1722 और भारत के 327 संस्थानों को रैंकिंग में शामिल किया गया। विश्वविद्यालय ने कुल 17.2 अंक प्राप्त किए हैं।
कुलपति विजय कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे विश्वविद्यालय की वैश्विक शैक्षणिक पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कुलसचिव विजय कुमार ने भी सभी हितधारकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शोध व्यवस्था को मजबूत करने के साथ समावेशी और नवाचार आधारित शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
यह है मूल्यांकन प्रक्रिया :
क्यूएस रैंकिंग में चार प्रमुख मानकों और 11 उपमानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। इनमें शोध, रोजगार, शिक्षण-अधिगम अनुभव और वैश्विक सहभागिता शामिल हैं। शैक्षणिक प्रतिष्ठा को 30 प्रतिशत, प्रति शोध पत्र उद्धरण को 10 प्रतिशत और नियोक्ता प्रतिष्ठा को 20 प्रतिशत भारांक दिया जाता है। विश्वविद्यालय ने पीएचडी उपाधिधारक शिक्षकों के मानक में 73.4 और प्रति शोध पत्र उद्धरण में 40.6 अंक हासिल किए।