हिसार। बठिंडा से चलकर यूपी के गोरखपुर जाने वाली गोरखधाम सुपरफास्ट 12556 मंगलवार को अपने निर्धारित समय शाम के साढ़े 4 बजे की जगह बुधवार की सुबह सवा 4 बजे हिसार स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के 12 घंटे देरी का कारण आदमपुर के पास इसकी पावर फेल होना बताया जा रहा है।
ट्रेन के इंजन में खराबी आने से सिरसा और हिसार के तरफ आवाजाही बाधित हो गई। इसका सीधा असर पहले से ही देरी से चल रही तिलकब्रिज-सिरसा हरियाणा एक्सप्रेस (14085) और साप्ताहिक ट्रेन श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-साबरमती (19416) पर भी पड़ा। राइट टाइम चल रही कटरा-साबरमती को भट्टू रोकना पड़ा। वहीं हरियाणा एक्सप्रेस को भी एक घंटे तक हिसार स्टेशन पर खड़ा रखा गया।
इसे करीब एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ा रखने के बाद सिरसा के लिए रवाना किया गया। वहीं कटरा-साबरमती करीब सवा घंटे की देरी से सुबह साढ़े 4 बजे के बाद हिसार स्टेशन पर पहुंची। दूसरी तरफ हिसार से भेजे गए इंजन के बाद गोरखधाम सुपरफास्ट सुबह सवा 4 बजे हिसार पहुंची। यह आदमपुर के पास करीब 3 घंटे तक खड़ी रही। इसके गोरखपुर पहुंचने का संभावित समय अब रात साढ़े 10 बजे का है। जबकि इसके गोरखपुर पहुंचने का समय सुबह करीब दस बजे का है।
-
ठंड से बेचने के लिए यात्रियों ने फूंक दिया डस्टबीन का ढक्कन
गोरखधाम के 12 घंटे देरी से चलने के कारण लंबी दूरी के यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जब पता चला का ट्रेन का इंजन फेल हो गया है तो वे ठंड से बचाव के सहारा तलाशने लगे। जब उन्हें कुछ नहीं मिला तो स्टेशन पर रखे डस्टबीन का ढक्कन ही फूंक दिया। रेलवे के नियमों के अनुसार स्टेशन या ट्रेन में किसी भी तरह का ज्वलनशील पदार्थ ले जाना या स्टेशन पर आग लगाना अवैध गतिविधियों में आता है, लेकिन रात में जब यात्री अलाव जलाकर स्टेशन पर हाथ सेंक रहे थे तब उन्हें रोकने के लिए कोई सुरक्षाकर्मी गश्त पर नहीं था।
रेलवे स्टेशन पर घूमते रहते हैं बेसहारा पशु
नगर निगम दावे करता है कि शहर में बेसहारा पशु पकड़े जा रहे हैं, लेकिन स्थिति यह है कि ये बेसहारा पशु रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर पहुंच जाते हैं। कुछ दिन पहले एक गाय रात को प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर काफी देर तक इधर-उधर घूम रही थी। गाय को प्लेटफार्म से निकालने के लिए कोई नहीं था।
असामाजिक तत्व घूमते रहते हैं स्टेशन पर
प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर असामाजिक तत्व और साधु अपना डेरा जमाए रखते हैं। कई बार ये नशीले पदार्थों के सेवन करके आपस में गाली-गलौच करते रहते हैं। मंगलवार-बुधवार की रात को भी ऐसे ही कुछ असामाजिक तत्व और साधु प्लेटफार्म पर अपना डेरा जमाए हुए थे। इसी दौरान उनमें किसी बात पर गरमा-गरमी हो गई। वे आपस में तेज-तेज आवाज में गाली-गलौच कर रहे थे। उनकी लड़ाई में अन्य यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को देरी से चलने वाली ट्रेनें
हिसार से भिवानी की तरफ
ट्रेन नंबर आने का समय आगमन देरी
14086 4.10 7.25 3 घंटा 15 मिनट
12556 4.30 5.20 50 मिनट
हिसार से सिरसा की तरफ जाने वाली
14718 1.35 5.58 4 घंटे 33 मिनट
14716 3.30 5.20 1 घंटा 50 मिनट
12555 9.35 11.17 1 घंटा 42 मिनट
14734 14.10 15.14 1 घंटा 4 मिनट
14030 16.00 4.50 50 मिनट
तकनीकी खामी के चलते गोरखधाम एक्सप्रेस में कुछ दिक्कत आई थी। जिसके चलते इंजन को बदलना पड़ा। इस प्रक्रिया में कुछ समय लगा। ट्रैक पर ट्रेन खड़ी होने के चलते कुछ दूसरी गाड़ियों का समय भी प्रभावित हुआ।
-शशि किरण, पीआरओ, हिसार।
हिसार रेलवे स्टेशन पर इंतजार करते यात्री। अमर उजाला