भिवानी। मिताथल फीडर में डूबे युवक का दो दिन बाद रविवार सुबह लोहानी पंप हाउस पर शव बरामद हुआ। पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के पिता के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। इस हादसे में चार बहनों ने अपना इकलौता भाई खो दिया।
गांव पालुवास निवासी 21 वर्षीय अमित अपने पांच दोस्तों के साथ मिताथल फीडर पर शुक्रवार दोपहर को नहाने के लिए गया था। जब युवक नहर में नहा रहे थे तो अचानक ही अमित का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में तैरना नहीं जानने की वजह से डूब गया। इसी दौरान उसके एक दोस्त को तो आसपास नहा रहे युवकों ने बचा लिया, लेकिन अमित पानी के अंदर ही गुम हो गया। इस हादसे की सूचना अमित के परिजनों को दी। जिसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण नहर पर पहुंचे और पानी का स्तर कम कराने का भी प्रयास किया। वहीं एनडीआरएफ की टीम ने भी दो दिनों तक डूबे युवक की पानी में दूर तक तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह सदर पुलिस को सूचना मिली कि गांव लोहानी स्थित पंप हाउस पर एक युवक का शव पानी से बरामद हुआ है। मृतक की शिनाख्त परिजनों ने अमित के रूप में कर दी।
मृतक का पिता गांव पालुवास निवासी सत्यवान मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसकी चार बेटियां और एक बेटा अमित था। सत्यवान की दो बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि अमित की दो बहनें अभी पढ़ाई कर रही हैं। अमित ने भी हाल ही में बारहवीं कक्षा पास की थी। अमित अभी आगे का कॅरियर शुरू करने की सोच ही रहा था कि अनहोनी ने उसे निगल लिया। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिवार में भी कोहराम मचा है।
गर्मी में तपिश से राहत के लिए युवा लगा रहे नहरों में मौत की छलांग
भीषण गर्मी की तपिश से थोड़ी राहत पाने के चक्कर में युवा नहरों में पानी के तेज बहाव में मौत की छलांग लगा रहे हैं। तैरना नहीं जानने की वजह से अधिकांश बच्चों के साथ इस तरह के हादसे हो रहे हैं। इनदिनों गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं। छोटे बच्चे भी टोलियों में नहरों व पानी के गहरे टैंकों के अंदर डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों को सावधानी बरतनी होगी कि उनका बच्चा इस तरह की गलती न करें। उन्हें इस तरह का कदम उठाने से रोकें और नहर या फिर पानी के गहरे टैंक में नहाने जाने से रोंके।
मृतक अमित के शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पिता सत्यवान के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है।
-अमरजीत इंचार्ज गुजरानी पुलिस चौकी।