हिसार। शहर का पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान पांच दिवसीय स्वदेशी मेले के लिए पूरी तरह सजकर तैयार है। शुक्रवार से 16 दिसंबर तक सुबह 9 से रात 9 बजे तक चलने वाले इस मेले में 100 से अधिक स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगेंगे, जिनमें 30 से ज्यादा नए स्टार्टअप की भागीदारी रहेगी। शहरवासी यहां मनोरंजक खेलों का आनंद लेने के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ भी उठा सकेंगे।
मेले में 160 से अधिक विद्यालयों के दो हजार से ज्यादा विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक शामिल होंगे। दर्शकों को स्वदेशी उत्पादों की विविधता और उनसे जुड़े स्टार्टअप्स से रूबरू होने का मौका मिलेगा। शुक्रवार शाम आयोजित होने वाली मानस रामलीला के लिए एचएयू के विद्यार्थियों ने मैदान में मंच पर रिहर्सल कर ली है।
स्वदेशी मेले के प्रांतीय प्रमुख अनिल गोयल ने बताया कि पहले दिन कृषि मंत्री डॉ. श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि होंगे। एचएयू कुलपति प्रो. बीआर कंबोज कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय मेला प्रमुख सचिंद्र बरियार मुख्य वक्ता रहेंगे। इस मौके पर विधायक रणधीर पनिहार, विधायक विनोद भ्याणा, पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई, जोगीराम सिहाग, अनूप धानक, जीजेयू के पूर्व कुलसचिव डॉ. अविनेश वर्मा, स्वागत समिति के अध्यक्ष कमलेश गर्ग व सचिव संजय डालमिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
पहले दिन युवा संगम और प्रतियोगिताएं
मेले के प्रथम दिवस युवा संगम आयोजन होगा। इसमें उत्तर क्षेत्र संयोजक डॉ. राजेश गोयल मुख्य अतिथि, एनएसएस प्रांत समन्वयक दिनेश कुमार अध्यक्ष और एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्रीनिवास शर्मा मुख्य वक्ता होंगे। इस कार्यक्रम में कर्णप्रताप सिंह, नवीन शर्मा, नरेंद्र शर्मा, मोहित बंसल, जनक कुमार व सुनील कुमार विशिष्ट अतिथि रहेंगे। सेवा भारती स्कूल की ओर से शुक्रवार को समरसता महायज्ञ के साथ मेले का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए कबाड़ से जुगाड़ और भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। युवा संगम में उद्यमिता एवं स्वरोजगार पर प्रेरक व्याख्यान दिया जाएगा। हरियाणवी कलाकार सुमित सातरोड की मंडली रागनी प्रस्तुति देगी। इसके बाद धूमधाम से उद्घाटन कार्यक्रम होगा। शाम को एचएयू के विद्यार्थी मानस रामलीला का मंचन कर श्रीराम जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के प्रसंगों को जीवंत करेंगे।