हिसार। वेडिंग सीजन शुरू होते ही शहर के ब्यूटी पार्लरों में रौनक बढ़ गई है। हर दुल्हन चाहती है कि उसका ब्राइडल लुक सबसे खास और यादगार हो। इस बार ट्रेंड भारी मेकअप से हटकर नैचुरल और ग्लोइंग लुक की ओर शिफ्ट हुआ है। महिलाएं अब अपनी स्किन टोन के अनुसार हल्का, सॉफ्ट और नो मेकअप लुक पसंद कर रही हैं।
पार्लर संचालिकाओं का कहना है कि इस सीजन में एचडी और एयर ब्रश मेकअप की डिमांड सबसे ज्यादा है, क्योंकि यह हल्का होने के साथ-साथ लंबे समय तक टिकता है। दुल्हनों के लिए खास पैकेज तैयार किए गए हैं, जिनमें प्री-ब्राइडल से लेकर ब्राइडल मेकअप तक की सभी सेवाएं शामिल हैं। इन पैकेजों की कीमतें लगभग 10 हजार से 40 हजार रुपये तक हैं।
नैचुरल ग्लो को तरजीह
इस बार महिलाएं ब्राइडल लुक में पूरी तरह से नैचुरल और सॉफ्ट लुक की तरफ झुकाव दिखा रही हैं। पहले गोल्डन और ग्लिटर आईशैडो के साथ हैवी बेस पसंद किया जाता था, लेकिन अब दुल्हनें चाहती हैं कि मेकअप चेहरे पर हल्का लगे और स्किन नैचुरल दिखे। हम स्किन टाइप के अनुसार बेस चुनते हैं और हल्के हाइलाइटर से ग्लो देते हैं, ताकि चेहरा कैमरे पर रियल लगे। महिलाएं अब अपनी नैचुरल खूबसूरती को निखारना चाहती हैं, इसलिए प्री-ब्राइडल पैकेज की बुकिंग बढ़ गई है। - पूर्वी, ब्यूटिशियन, जवाहर नगर
‘एलिगेंट एंड रियल’ लुक की बढ़ती चाहत
एचडी मेकअप इस वक्त का सबसे बड़ा ट्रेंड है। महिलाएं चाहती हैं कि कैमरे में उनका मेकअप फ्रेश दिखे, इसलिए भारी बेस से बचती हैं। पहले स्किन की डीप क्लीनिंग और हाइड्रेशन किया जाता है, ताकि मेकअप लंबे समय तक टिका रहे। इस बार दुल्हनें थीम-बेस्ड मेकअप चुन रही हैं, जैसे हल्के लहंगे के साथ पीच टोन या पेस्टल आईशैडो। हमने खास पैकेज तैयार किए हैं, जिनमें प्री-ब्राइडल, हेयर ट्रीटमेंट और ट्रायल मेकअप शामिल हैं। - सोनिया, ब्यूटिशियन, मुल्तानी चौक
पर्सनैलिटी के हिसाब से मेकअप डिजाइन
ब्राइडल लुक के लिए महिलाएं अब केवल ट्रेंड नहीं, बल्कि अपनी पर्सनैलिटी के अनुसार मेकअप चुन रही हैं। हम क्लाइंट के आउटफिट, ज्वेलरी और स्किन टोन को ध्यान में रखकर मेकअप डिजाइन करते हैं। इस बार रोज और लैवेंडर जैसे पेस्टल शेड्स की डिमांड बढ़ी है। स्किन प्रेपरेशन पर भी फोकस किया जा रहा है, जिसमें हाइड्रा फेशियल, क्लीनअप और ग्लो मास्क शामिल हैं। महिलाएं चाहती हैं कि उनका लुक शाही तो हो, लेकिन नेचुरल लगे।
- प्रिया, ब्यूटिशियन, शांति नगर