हिसार। प्रदेश में रात के तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा। हिसार की रात प्रदेश में सबसे ठंडी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है। इसके बाद ठंड के तेवर और तीखे हो सकते हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि रविवार को हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के उत्तरी-पूर्वी जिलों में घना कोहरा छाया रहा जबकि पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में शीतलहर के साथ पाला जमने की स्थिति देखने को मिली। प्रदेश का रात्रि तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच गया है। अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा जबकि कुछ इलाकों में यह 2 डिग्री तक गिर गया। सूखी और तेज ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।
1 जनवरी की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना :
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 31 दिसंबर को एक नया मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 31 दिसंबर की रात से मौसम में बदलाव आएगा और 1 जनवरी की अलसुबह से हल्की से मध्यम बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है। पंजाब से सटे उत्तरी क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश जबकि मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मध्यम तथा दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
कहां-कितना रहा रात का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
अंबाला-8.5
हिसार-2.5
गुरुग्राम-3.4
जींद-3.4
पानीपत-4.3
सोनीपत-4.9
नारनौल-5.0
रोहतक-5.8
कैथल-5.9
भिवानी-6.0
सिरसा-6.0