बास क्षेत्र में सतरोल खाप के नवनियुक्त प्रधान संदीप खर्ब को पगड़ी पहनाते खापों के प्रधान और सदस
बास। सतरोल खाप काे रविवार को नया प्रधान मिल गया। गांव भकलाना स्थित जाखड़ान चौपाल में आयोजित खाप पंचायत में सर्वसम्मति से एडवोकेट संदीप खर्ब को सतरोल खाप का प्रधान तथा सुनील उर्फ शिली को उपप्रधान चुना गया। खाप के चारों तपों के प्रधानों ने खर्बको पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और जिम्मेदारी सौंपी।
पूर्व प्रधान दलबीर सिंह डीपी के निधन के बाद से यह पद खाली था। इस दौरान खाप के चारों तपों—नारनौंद तपा से कृष्ण लोहान, उगालन तपा से बलवंत खर्ब, पेटवाड़ तपा से सुंदर और बास तपा से रणधीर सिंह ने अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर आपसी सहमति से एडवोकेट संदीप खर्ब के नाम का प्रस्ताव रखा। पंचायत में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए सर्वसम्मति से चयन पर मुहर लगाई।
पंचायत की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी रामफल पाली ने की, जबकि संचालन मास्टर फूलकुमार पेटवाड़ ने किया। इस मौके पर पार्षद संजय खर्ब, जगदीश शर्मा, रामकुमार शर्मा, जोगिंदर मान, बारु पेटवाड़, ओमप्रकाश लोहान आदि मौजूद रहे।
खाप की मजबूती के लिए करेंगे काम : खर्ब
प्रधान खर्ब ने कहा कि सतरोल खाप का इतिहास प्राचीन और गौरवशाली रहा है। वे खाप को और अधिक मजबूत, संगठित व सक्रिय बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करना, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और युवाओं को सकारात्मक दिशा देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। खाप को देशभर में एक सकारात्मक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा ताकि यह समाज के लिए मार्गदर्शक बन सके।