हांसी। नगर परिषद ने मंगलवार को बकाया संपत्ति कर जमा न करने पर शहर की दो दुकानों को सील कर दिया। इनमें से एक दुकान डडल पार्क और दूसरी चार कुतुब क्षेत्र में स्थित है। नगर परिषद की ओर से कर जमा कराने के लिए दोनों दुकानदारों को पहले तीन बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन उन्होंने कर जमा नहीं करवाया।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार, डडल पार्क के समीप 200 वर्ग गज में स्थित करियाना की दुकान पर 90,421 रुपये बकाया था। वहीं चार कुतुब क्षेत्र की 144 वर्ग गज भवन का 51,307 रुपये बकाया था। बार-बार नोटिस देने के बावजूद कर जमा न करवाने पर परिषद ने दोनों संपत्तियों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। नगर परिषद की सचिव अंजल वायु, भवन निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, सत्यवान मलिक, एमई जयवीर, रोशन सहित अन्य कर्मचारी मौके पर उपस्थित थे।
नगर परिषद पिछले एक महीने से 10 हजार रुपये या इससे अधिक बकाया संपत्ति कर वालों को नोटिस भेज रही है। गृह कर शाखा के कर्मचारियों ने करीब 3,500 लोगों की सूची तैयार की है, जिसमें बड़े बकायेदार, सरकारी विभाग, उद्योगपति, कारोबारी, दुकानदार और मकान मालिक शामिल हैं।
नगर परिषद को अधिकतर कमाई संपत्ति कर से ही होती है। हालांकि लोग स्वयं कर जमा नहीं कर रहे हैं और केवल संपत्ति नामांतरण, लोन या अन्य मामलों में कर भरते हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में नगर परिषद ने 1.41 करोड़ रुपये कर जमा किया था, जबकि लक्ष्य 3.5 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 में शहर से 3 करोड़ रुपये संपत्ति कर जमा कराने का लक्ष्य रखा गया है। शहर में करीब 41,700 संपत्तियां हैं।
लंबित कर वालों को पहले भी नोटिस जारी कर चुके हैं। दोनों दुकानों को पहले 3 बार नोटिस दिए। कर जमा नहीं करवाने पर दुकानें सील की हैं। आगे भी ऐसी ही कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से अपील है कि अपना लंबित कर समय रहते जमा करवाएं। - डॉ़ सुरेश चौहान, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद।