हांसी। डीएमसी लक्षित सरीन ने नेतृत्व में नगर परिषद ने वीरवार को वार्ड 2 व 26 में एक विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। सफाई अभियान के साथ-साथ खाद्य पदार्थ तैयार करने एवं बेचने वाले दुकानदारों, हलवाइयों व रेहड़ी संचालकों को दस्ताने और जाली कैप वितरित किए गए।
विशेष सफाई अभियान में नगर परिषद के 60 सफाई कर्मचारियों, 6 हेल्थ सेनेटरी इंस्पेक्टरों व पर्याप्त संख्या में वाहनों को लगाया गया। अभियान का शुभारंभ जिला नगर आयुक्त लक्षित सरीन ने तिकोना पार्क के निकट श्रमदान कर किया। डीएमसी लक्षित सरीन ने कहा कि दस्ताने व जाली कैप वितरित करने के लिए नगर परिषद द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम को अलग-अलग क्षेत्र आवंटित किए गए हैं। ताकि शहर के अधिकतम दुकानदारों एवं रेहड़ी संचालकों तक यह सुविधा पहुंचाई जा सके। अभियान के दौरान टीमों ने दुकानदारों को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुरक्षा और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सफाई कर्मचारियों ने गलियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और खाली पड़े स्थानों से कूड़ा-कचरा उठाकर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया।