हिसार। शहर के डाबड़ा चौक पुल के नीचे से अतिक्रमण हटाया जाएगा। नगर निगम इस जगह पर पार्क व पार्किंग तैयार करवाएगा। मेयर प्रवीण पोपली ने अधिकारियों व पार्षद प्रतिनिधि के साथ मौके का निरीक्षण किया। मेयर ने बीएंडआर के अधिकारियों को जल्द यहां से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मेयर प्रवीण पोपली ने बताया कि इस स्थान पर पार्किंग व पार्क बनाया जागा। साथ ही यहां बेहतरीन वॉल पेंटिंग की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने एक्सईएन अमित कौशिक को अगले एक सप्ताह तक रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। मेयर प्रवीण पोपली ने बताया कि इस स्थान के आसपास कई अस्पताल हैं, जिसमें मरीज से मिलने के लिए हिसार के अलावा आसपास के गांव से लोग आते हैं। इनके वाहनों के लिए पार्किंग और बैठने के लिए पार्क की व्यवस्था की जाएगी।
वहीं, अवैध कॉलोनी में जेसीबी से उखाड़ीं सड़कें
जिला नगर योजनाकार विभाग ने लगातार दूसरे दिन अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। बुधवार को अग्रोहा-बरवाला रोड पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर सड़कें उखाड़ीं। इससे पहले मंगलवार को विभाग ने सातरोड से रायपुर लिंक रोड पर सातरोड के पास मास्टर कॉलोनी एक्सटेंशन व वीपीएल नाम से अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की थी। जिला नगर योजनाकार विभाग को सूचना मिली थी कि कंट्रोल एरिया अग्रोहा-बरवाला रोड पर गणपति मार्केट एक्सटेंशन नाम से अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है। कॉलोनाइजर ने कॉलोनी में इंटरलॉकिंग सड़कें बना दी हैं। बुधवार को टीम ने जेसीबी से इंटरलाॅकिंग सड़कों को उखाड़ दिया। डीटीपी दिनेश सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। इस मौके पर जेई गिरीश व जेई हरज्ञान भी मौजूद रहे। ब्यूरो