हिसार। नगर निगम ने वैध कॉलोनियों के 47 अवैध टुकड़ों की सर्वे रिपोर्ट तैयार कर मंडलायुक्त के माध्यम से सरकार को भेज दी है। अब इन टुकड़ों को वैध करने को लेकर अंतिम फैसला सरकार को लेना है। इन अवैध टुकड़ों के वैध होने से इनमें रहने वाली हजारों की आबादी को फायदा होगा। ये अवैध टुकड़े करीब 481 एकड़ क्षेत्र में बसे हुए हैं।
वर्ष 2020 में डीटीपी की तरफ से शहर में अवैध कॉलोनियों को लेकर ड्रोन सर्वे कराया गया था। इस सर्वे के बाद पार्षदों ने आरोप लगाया था कि सर्वे में कई वैध कॉलोनियों में बचे हुए टुकड़ों को शामिल नहीं किया गया। इसी बीच यूएलबी ने एक पत्र जारी कर नगर निगम को अपने स्तर पर बची हुई कॉलोनियों का सर्वे कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम प्रशासन ने सर्वे के लिए टेंडर भी लगाया था लेकिन जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निगम प्रशासन को अपने कर्मचारियों से ही सर्वे कराने के आदेश दिए थे।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद निगम ने जुलाई 2024 तक अवैध टुकड़ों का सर्वे कर रिपोर्ट सरकार को भेज दी लेकिन सरकार ने इस सर्वे को अधूरा बताते हुए कुछ आपत्तियां लगाकर इसे वापस निगम के पास भेज दिया। इसके बाद निगम ने दोबारा सर्वे कराया और रिपोर्ट सरकार को भेजी।
इस बार फिर आपत्ति लगाई गई और कहा गया कि फरवरी 2022 की सैटेलाइट इमेज के आधार पर सर्वे कर रिपोर्ट भेजी जाए। साथ ही उन टुकड़ों की सर्वे रिपोर्ट भी भेजी जाए जहां 50 प्रतिशत से अधिक रिहायश हो। अब निगम की ओर से नए दिशा-निर्देशों के आधार पर सर्वे रिपोर्ट तैयार की गई और उसे हाउस की बैठक में मंजूरी दिलवाकर मंडलायुक्त के माध्यम से सरकार को भेज दिया गया।
ये हैं वे 47 अवैध टुकड़े
चंद्रलेन (3197), विकास नगर (3202), मॉडल टाउन एक्सटेंशन (3210), योग नगर सेक्टर-एक के पास (3218), नेताजी कॉलोनी (3220), गुजरी महल तायल बाग कॉलोनी (3226), तायल बाग कॉलोनी (3227), सूर्य नगर (3240), तायल बाग कॉलोनी (3267), सूर्य नगर (3256), न्यू ऋषि नगर (3261), अनाधिकृत एरिया सेक्टर 9-11 (11874), राजाराम गार्डन (11885), आर्य नगर (11884), राजाराम गार्डन (11886), आजाद नगर अंडर कैमरी रोड (11888), आजाद नगर अंडर कैमरी रोड (11889), आजाद नगर अंडर कैमरी रोड (11890), राजीव नगर (3364), आदर्श नगर सेक्टर के पास (3254), शास्त्री नगर (11875), न्यू मॉडल टाउन (3244), न्यू मॉडल टाउन (3245), सत्या नगर (3260), श्याम विहार-टू (11882), आजाद नगर (11877), आजाद नगर (11894), अनाधिकृत एरिया लाजपत नगर (3237), अनाधिकृत एरिया लाजपत नगर (3238), उमेद विहार कॉलोनी (11893), आजाद नगर (11897), सत्या नगर (3257), सत्या नगर (3258), सटी हुई कॉलोनी (11887), आजाद नगर (11898), उमेद विहार कॉलोनी (11892), शिव नगर, मेला ग्राउंड के पास (3219), उमेद विहार कॉलोनी (11891)।
ये हैं बड़े टुकड़े
एरिया - साइज
विकास नगर - 42 एकड़
मॉडल टाउन एक्सटेंशन - 46 एकड़
नेताजी कॉलोनी - 30 एकड़
नवदीप कॉलोनी - 45 एकड़
महावीर कॉलोनी - 30 एकड़
कैमरी रोड से सटा आजाद नगर क्षेत्र - 40 एकड़
वैध कॉलोनियों के अवैध टुकड़ों की सर्वे रिपोर्ट मंडलायुक्त के माध्यम से सरकार को भेज दी गई है। अब सरकार इन पर फैसला लेगी।
- नीरज, निगमायुक्त।