हिसार। शहर में आवारा कुत्तों के बधियाकरण व टीकाकरण और बंदरों को पकड़वाने के लिए नगर निगम ने व्हाट्सएप नंबर 99535-58000 जारी किया है। इस नंबर पर नागरिक किसी भी क्षेत्र में आवारा कुत्तों या बंदरों की सूचना भेज सकेंगे। सूचना मिलते ही निगम प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित टीमों को कार्रवाई के लिए भेजेगा।
अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने बताया कि कुत्तों और बंदरों की समस्या पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। अब नागरिक अपने नाम, स्थान (लोकेशन) और संबंधित फोटो इस नंबर पर भेजकर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। निगम को प्राप्त शिकायतों के आधार पर फील्ड टीमें मौके पर जाकर कार्रवाई करेंगी। डॉ. हुड्डा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें ताकि हिसार को स्वच्छ और सुरक्षित शहर बनाया जा सके।
कुत्तों के निकाले गए अंगों का किया सुरक्षित निपटान
उधर, निगम की टीम ने पशु चिकित्सकों की देखरेख में आवारा कुत्तों के निकाले गए अंगों का निपटान किया। इस प्रक्रिया के तहत गहरा गड्ढा खोदकर अंगों को मिट्टी में दबाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, बधियाकरण के दौरान कुत्तों के प्रजनन अंग निकाले जाते हैं ताकि भविष्य में उनकी आबादी नियंत्रित रहे।