अग्रोहा। अग्रोहा क्षेत्र में मंगलवार रात को बिना नंबर की फॉरच्यूनर गाड़ी में सवार बदमाशों ने आई 20 कार में सवार दो युवकों पर गोलियां चला दीं। युवकों ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान बदमाशों ने कार में तोड़फोड़ की। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस को मौके से गोली का खोल बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव कुलेरी के 27 वर्षीय रविंद्र और राजस्थान के डूंगराना निवासी विकास मंगलवार रात को अग्रोहा से अपनी आई20 कार में जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की फॉरच्यूनर गाड़ी ने उनका पीछा किया। फॉरच्यूनर सवार बार-बार कार को ओवरटेक करने की कोशिश करने लगे। रविंद्र ने बताया कि उन्होंने खतरे को भांपते हुए कार कुलेरी गांव की तरफ मोड़ ली। हमलावर वहां भी उनका पीछा करते रहे।
इसके बाद रविंद्र कार को साबरवास गांव की तरफ ले गया, जहां कार का संतुलन बिगड़ गया और मकान से जा टकराई। इसके बाद रविंद्र और विकास ने खेतों में भागे। इस दौरान फॉरच्यूनर से उतरे 7-8 हमलावरों ने उन पर दो फायर किए। गनीमत रही कि वे बच गए। हमलावरों ने आई20 कार को डंडों और ईंटों से क्षतिग्रस्त कर दिया। अग्रोहा थाना प्रभारी रिसाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।