बास। थाना क्षेत्र में चार बदमाशों ने जबरन कार में बैठाकर एक युवक से 11,800 रुपये लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंघवा खास निवासी प्रवीन कुमार ने बताया कि वह पशुचिकित्सक हैं। 14 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे बाइक पर सवार होकर दवाई लेने भैणी महाराजपुर गांव जा रहे थे। जैसे ही वह पिपला पुल से थोड़ा आगे पहुंचे तो मुंढाल की तरफ से आई स्विफ्ट डिजायर कार उनके पास रुकी। कार में चार लोग सवार थे।
कार सवारों ने मोखरा गांव का रास्ता पूछा और बातचीत के बहाने प्रवीन को जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर दबाव बनाया और धमकाते हुए उनके मोबाइल फोन से पहले 9,800 रुपये और फिर 2,000 रुपये एक स्कैनर आईडी पर डलवाए। इस दौरान लगातार मारपीट कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
इसके बाद आरोपी उन्हें महम बाईपास पर स्थित शेरे पंजाब ढाबे के पास उतारकर फरार हो गए। कार से उतरते समय प्रवीन ने कार का नंबर आंशिक रूप से नोट कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही बास पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया। जांच अधिकारी सुशील के नेतृत्व में घटना की जांच की जा रही है।