सूर्य नगर में मजदूर को लगे हाईटेंशन करंट के मामले के बाद वार्ड नंबर दस के लोगों ने मंत्री सावित्री जिंदल के सुनवाई न करने पर रोड जाम कर दिया। वार्ड के पार्षद अजीत सिंह के नेतृत्व में विरोध में उतरे गुस्साई भीड़ ने करीब दो घंटे तक जिंदल चौक से सूर्य नगर को जाने वाला रास्ता बंद रखा।
बिजली निगम के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन ने उन्हें काफी समझाया, लेकिन लोग बिना किसी आश्वासन के पीछे नहीं हटे। इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पार्षद अजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को मानसिंह किसी के मकान में दीवार पुताई का काम कर रहा था। काम करते समय उसे 33 केवी हाईटेंशन लाइन ने खींच लिया। हादसे में मानसिंह बुरी तरह से झुलस गया। मानसिंह के साथ हुए हादसे से सूर्य नगर के लोगों को गुस्सा आ गया।
उन्होंने मंगलवार को स्थानीय निकाय मंत्री सावित्री जिंदल से मिलकर समाधान करवाने की बात कही। पूरे मोहल्लावासी एकत्रित होकर जिंदल हाउस चले गए। पार्षद अजीत का कहना है कि मैडम मौजूद नहीं थी। उनके पीए ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके कारण मोहल्ले की महिलाएं और पुरुष भड़क गए। उन्होंने जिंदल चौक से सूर्य नगर जाने वाले रोड पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर देवेंद्र नैन ने सूर्य नगर के लोगों से जाम खोलने के लिए कहा, लेकिन लोग अपनी मांग को लेकर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि आए दिन हाईटेंशन तारों के संपर्क में आने से जानें जा रही हैं। सूर्य नगर के लोग कई बार छोटे से लेकर बड़े अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही। इसके बाद मौके पर बिजली निगम के एसडीओ भूपेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
जाम लगाने वालों की राहगीरों के साथ झड़प भी हुई। सूर्य नगर के रास्ते से गुजरने वाले लोगों ने जाम लगाने वाले लोगों से व्हीकल निकालने के लिए गुहार लगाई। गुस्साए लोगों ने उन्हें जाम पार नहीं करने दिया। कई लोगों ने विरोध स्वरूप जबदस्ती भी की, जिसके चलते उनके साथ झड़प भी हुई।