हिसार। नगर निगम वार्ड-4 से निर्दलीय प्रत्याशी जय भीम आर्मी के चेयरमैन संजय चौहान के छोटे भाई सुनील चौहान व अन्य पार्षद उम्मीदवारों ने नगर निगम में वोट की गणना प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। साथ ही पुन: चुनाव करवाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत जिला उपायुक्त के माध्यम से चुनाव आयोग को की जाएगी। वार्ड-4 से उम्मीदवार सुनील चौहान, जतिन शर्मा, चंद्रभान, सुरेंद्र सैनी ने बताया कि मतगणना के बाद ईवीएम चेक करवाई गई तब उनकी बैटरी 100 प्रतिशत चार्ज मिली, जिससे चुनाव में धांधली के संकेत स्पष्ट नजर आ रहे हैं।
आरोप है कि प्रत्याशी जाने से पहले ही ईवीएम खुल चुकी थी और गिनती अपने आखिरी चरण में थी। हिसार नगर निगम चुनाव में नगर निगम चुनाव में सभी वार्ड प्रत्याशियों की भाजपा को छोड़ कर सभी प्रत्याशी के साथ ऐसी ही घटना हुई है। प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि 11 मार्च को बीडीपीओ (1) में 12 ईवीएम आई जिनके बारे में अधिकारियों से पूछने पर उन्होंने बताया कि ये फतेहाबाद के गुरुद्वारा कमेटी के चुनावों की मशीनें हैं लेकिन पता करने पर पता चला कि वहां निकट भविष्य में ऐसा कोई चुनाव नहीं हुआ।
इन मशीनों को ले जाने का वीडियो भी उनके पास है। ये मशीनें कहां से आईं उन मशीनों की जांच के आदेश दिए जाएं। चुनाव होने के बाद महावीर स्टेडियम में रखी गई। सभी मशीनों की वीडियो फुटेज जारी करवाई जाए और कब्जे में ली जाए। सभी प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग से गुहार लगाई कि उक्त पहलुओं और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ हुए घटनाक्रम की गहनता से जांच करवाई जाए।
अधिकारियों का तर्क : मशीन ही ऐसी है, हम क्या करें
वार्ड नंबर दो के प्रत्याशी ने भी आरोप लगाया कि ईवीएम खुली थी और ईवीएम के नंबर का मिलान भी सही नहीं मिला। वार्ड नंबर चार के प्रत्याशी सुनील चौहान और सुरेंद्र सैनी खेड़े वाला समेत कई प्रत्याशी धांधली देख गणनास्थल से बाहर आ गए और उन्होंने गणना में शामिल होने से मना कर दिया। कई बूथों पर ईवीएम की बैटरी 100 प्रतिशत थी। विरोध करने पर मौजूद अधिकारियां ने सफाई दी कि मशीन ही ऐसी है, इसमें हम क्या करें। निर्दलीय प्रत्याशियों ने एकजुट होकर निर्णय लिया कि हिसार नगर निगम चुनाव के आजाद प्रत्याशी और अन्य के साथ बड़ी बैठक कर इस धांधली के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।