हिसार। शिक्षिका सोनिया के हत्यारोपी व पति सौरभ आनंद की दिल्ली के आईएसबीटी (कश्मीरी गेट) और लाल किले के आसपास की लोकेशन पुलिस को मिली है। पुलिस का मानना है कि आरोपी अभी दिल्ली में ही मौजूद है। इसको देखते हुए सभी टीमों ने राजधानी में डेरा डाल रखा है।
परिजनों के अनुसार 4 मई की सीसीटीवी फुटेज में सौरभ आनंद आईएसबीटी कश्मीरी गेट और लाल किले के पास दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए छह टीमों का गठन किया है जो कई दिनों से दिल्ली में ही सक्रिय हैं। आरोपी की फोटो राजधानी के सभी थानों को भेज दी गई है। डीएसपी किशोरी लाल का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
11 मई को शहरवासी धरना देंगे
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए शहरवासी 11 मई को नागोरी गेट पर धरना देंगे। इसमें परिजनों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठन भी शामिल होंगे। इससे पहले शहरवासियों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कैंडल मार्च भी निकाला था।