हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के शीतकालीन सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है जो 30 मार्च तक चलेगी। विवि की ओर से संचालित ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहे हैं।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि वर्तमान समय में दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा उच्च शिक्षा के दायरे को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि जीजेयू विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, किफायती और रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने हरियाणा के विभिन्न जिलों में 30 से अधिक अध्ययन केंद्र (स्टडी सेंटर) स्थापित किए हैं।
स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रम सीडीओई के अंतर्गत विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। स्नातक (यूजी) कार्यक्रमों में बीए, बीए (मास कम्युनिकेशन) व बीकॉम शामिल हैं। स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में एमए मास कम्युनिकेशन, एमए मास कम्युनिकेशन (लेटरल एंट्री), एमबीए, एमकॉम, एमसीए, एमए हिंदी, एमए अंग्रेजी, एमएससी गणित शामिल हैं।