हांसी से दिल्ली रोड पर बिछाई जा रही तारकोल की लेयर।
- फोटो : 1
हांसी। नौ वर्ष बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 9 के हिसार से रोहतक रोड तक की कारपेंटिंग का कार्य शुरू हो गया है। फिलहाल उन हिस्सों पर तारकोल बिछाई जा रही है, जो हिस्से बारिश के बाद प्रभावित हो गए थे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से यह कार्य शुरू कराया गया है। करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से 90 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर तारकोल की नई लेयर बिछाई जाएगी। यह कार्य दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। इस कार्य के पूरा होने के साथ ही वाहन चालकों का राजमार्ग पर सफर सुगम होगा।
फिलहाल उन जगहों पर तारकोल की लेयर बिछाई जा रही है, जहां पर राजमार्ग का हिस्सा सबसे ज्यादा टूटा हुआ है व जहां पर गहरे गड्ढे हैं। इस हाईवे पर खासतौर पर गांव गढ़ी से लेकर मुंढाल तक सड़क के बीच में कई जगह गड्ढे हो गए थे। वहीं कई जगहों से सड़क किनारे की मिट्टी भी धंस गई थी जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी होती थी व हादसा होने का डर बना रहता था। कार्य पूरा होने से वाहन चालकों को आसानी होगी। इसको लेकर एनएचएआई ने पहले से ही टेंडर जारी कर रखा था, लेकिन बारिश व जलभराव के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा था। वहीं इस बार हुई भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर राजमार्ग टूट गया था।
मानसून सीजन खत्म होने के बाद अब मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। वर्ष 2016 में हिसार से रोहतक फोरलेन का काम पूरा हुआ था। इसी दौरान हांसी बाईपास भी बनाया गया था। उस समय रोड बनाने वाली कंपनी ने पांच वर्ष तक रोड का रखरखाव करना था। उस कंपनी का कार्यकाल पूरा हो गया था। पिछले वर्ष हिसार से रोहतक 90 किलोमीटर लंबे फोरलेन की कारपेंटिंग की योजना बनाई गई थी, लेकिन चुनावों में आचार संहिता के चलते टेंडर प्रक्रिया में देरी हुई।
अमृतसर की फर्म कर रही है कार्य
एनएचएआई की तरफ से इस राजमार्ग पर कारपेटिंग के लिए 175 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया गया था। टेंडर को लेकर पिछले वर्ष प्रक्रिया शुरू की गई थी। प्रक्रिया में 125 करोड़ रुपये का टेंडर अमृतसर की एक फर्म को दिया गया है। टेंडर लेने वाली फर्म को पांच वर्ष तक इस रोड की देखरेख भी करनी होगी।
वर्जन
भैणी महाराजपुर, माइयड़, मुंढाल सहित जो हिस्से ज्यादा प्रभावित है उनकी मरम्मत की जा रही है। पहले यह कार्य पूरा होगा। फिर बचे हुए पूरे रोड पर कारपेटिंग होगी। दिसंबर तक सारा कार्य पूरा करवा लिया जाएगा। - विपिन मंगला, प्रोजेक्ट निदेशक, एनएचएआई।