उकलाना में मिठाई की दुकान पर मावा के सैंपल लेते खाद्य सुरक्षा अधिकारी व टीम सदस्य।
हिसार। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को उकलाना और बरवाला कस्बों में मिठाई की दुकानों पर छापा मार मावा, पनीर और घी के सैंपल एकत्रित किए। कार्रवाई के दौरान कुल पांच दुकानों से आठ सैंपल लिए गए। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि मावा में मिलावट पाई गई तो संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। टीम ने खास तौर पर बीकानेर नाम से खुली दुकानों पर सैंपल भरे।
टीम का नेतृत्व डॉ. पवन चहल जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने किया तथा मनोज एवं राहुल अन्य सदस्य टीम में शामिल थे। इस दौरान मावा से बनी मिठाइयों सहित डेयरी से पनीर व घी के सैंपल लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पवन चहल ने बताया कि 10 अगस्त को सीएम फ्लाइंग टीम, हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में हिसार शहर में दो स्थानों पर रेड की गई थी। इस दौरान भारी मात्रा में नकली मावा बरामद हुआ था, जो राजस्थान के बीकानेर से लाकर हिसार, उकलाना, बरवाला और टोहाना सहित कई स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा था।
इसी कड़ी में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उकलाना और बरवाला में कई मिठाई की दुकानों पर जाकर जांच की। टीम ने मौके से मावा के सैंपल लेकर सील किया और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। निरीक्षण के दौरान टीम ने सभी दुकानों के गोदाम भी चेक किए और सफाई से काम करने के निर्देश भी दिए।