हिसार। नगर निगम में इस माह में हाउस की पहली बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक के दौरान सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव भी करवाया जाएगा। नियमानुसार मेयर व पार्षदों के शपथ ग्रहण करने के दो माह में हाउस की बैठक आयोजित करनी होती है। दो-तीन दिन पहले पार्षद भी हाउस की पहली बैठक बुलाने की मांग के लिए निगमायुक्त नीरज से मिले थे। बता दें दे कि इस बार हाउस में 20 में से 17 पार्षद भाजपा, दो निर्दलीय व एक कांग्रेस पार्टी का है।
राजपूत सभा के चुनावों के लिए नामांकनों की जांच
हिसार। राजपूत सभा के 11 पदों पर चुनाव के लिए आए नामांकनों की मंगलवार को जांच की गई। इसमें प्रधान, उप प्रधान, जनरल सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष सहित 11 पदों के लिए नामांकन किए गए हैं। यह नामांकन 9 से 11 मई तक स्वीकार किए गए थे। सभा के निवर्तमान जनरल सचिव मान सिंह राघव ने बताया कि 16 मई तक इच्छुक उम्मीदवार अपना नामांकन को विड्राल कर सकेगा। 18 को प्रति उम्मीदवार को चुनाव चिह्न वितरित किए जाएंगे। 25 मई को चुनाव होंगे। सभा 1985 में बनाई गई थी, जिसमें अभी तक 236 सदस्य शामिल है। 1985 से लेकर अभी तक एक बार भी उपरोक्त सभा के चुनाव नहीं हुए है। हर बार सर्वसम्मति से उपरोक्त पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया गया है।