बरवाला की मंडी में फसल का निरीक्षण करते किसान नेता व अधिकारी।
बरवाला। अखिल भारतीय किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बरवाला अनाज मंडी का दौरा कर मंडी में फसलों की खरीद में हो रही अनियमितताओं पर नाराज़गी जताई। इस दौरान किसान नेताओं ने मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुंडू से मुलाकात कर धान, कपास, बाजरा और मूंग आदि फसलों की खरीद में किसानों को आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
किसान सभा के पदाधिकारियों ने मंडी में फैली अव्यवस्थाओं की ओर सचिव का ध्यान दिलाया। सचिव ने मंडी का निरीक्षण करते हुए कुछ ढेरियों की फसल एमएसपी 2369 रुपये प्रति क्विंटल पर बिकवाई और आश्वासन दिया कि भविष्य में किसानों को ऐसी समस्याओं से नहीं जूझना पड़ेगा।
इसके बाद किसान सभा का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम डॉ. वेद प्रकाश बेनीवाल से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाल ही में हुई बारिश व ओलावृष्टि से खराब फसलों का मुआवजा, जलभराव से प्रभावित इलाकों की निकासी व्यवस्था, और ग्रामीण बस्तियों के पुनर्निर्माण की मांग की गई। सभा के जिला सचिव सरबत सिंह पूनिया, तहसील प्रधान मा. कर्मबीर जलंधरा, सचिव सत्यवान रेड्डू और कोषाध्यक्ष रोहतास राजली ने कहा कि प्रदेश में लाखों एकड़ फसल जलभराव और प्राकृतिक आपदाओं के चलते बर्बाद हो चुकी है। इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई प्रभावी राहत कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंडियों में फसलों की खरीद में 17% नमी की शर्त के नाम पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दाम में फसल बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कदम नहीं उठाए, तो किसान सभा आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर डॉ. मिया सिंह, सरदानंद राजली, ऋषिकेश, मा. देसराज वर्मा, मा. बलराज, जितेंद्र बधावड़, ओमप्रकाश माैजूद रहे।