फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाले ने रोके यमदूत बनकर आए ट्रॉले के पहिये

Mon, 05 Dec 2016 12:46 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला हिसार
विज्ञापन
नाले ने रोके यमदूत बनकर आए ट्रॉले के पहिये - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे सात ट्रैक्टरों से लदा ट्रॉला डिवाइडर से जंप कर दूसरी साइड जाकर दीवार तोड़ कर नहर कॉलोनी में जा घुसा। यमदूत बनकर आए ट्रॉले के पहिये रिहायशी क्वॉर्टरों से पहले बने नाले में फंस गए। वरना बहुत बड़ी जनहानि हो सकती थी। वहीं तड़के ट्रैफिक नहीं होने के कारण बड़ी दुर्घटना भी टल गई। नहर कॉलोनी में फंसे ट्रॉले को देखकर लोग सकते में आ गए।
विज्ञापन


पुराने ओवरब्रिज से रविवार तड़के उतरे एक 12 टायर वाले अनियंत्रित ट्राले ने फव्वारा चौक से पहले बीच के डिवाइडर को जंप कर ग्रिल तोड़कर रांग साइड नहर कॉलोनी की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसा। तेज रफ्तार से कॉलोनी में घुसे ट्राले ने बिजली निगम के दो एच पोल तोड़ दिए। हादसे से जोर का धमका हुआ। आसपास के लोग चौंक गए। इसके बावजूद ट्रॉला कंट्रोल नहीं हुआ। ट्राले के अगले टायर कॉलोनी के नाले में फंस गए तब जाकर ट्रॉला रुका। हालांकि इतने बड़े हादसे में गनीमत यह रही कि कोई आमजन हादसे का शिकार नहीं हुआ। मेन लाइन वाला खंभा टूटने से नहर कॉलोनी में 12 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रही। चालक का कहना है कि लड़ रही गायों को बचाने के प्रयास में ट्रॉला अनियंत्रित होने से यह हादसा हो गया। गौरतलब है कि इस सड़क पर भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। पास में ही आईजी का ऑफिस भी है।

पंजाब से कर्नाटक के लिए हुए थे रवाना
पंजाब के मोहाली शहर से शनिवार को एक फैक्ट्री से ट्राले में सात ट्रैक्टर लोड किए गए थे। ट्रैक्टर रस्सियों से बांधे गए थे। मोहाली के गांव खानपुर का चालक गुरप्रीत सिंह और क्लीनर मणि शाम सात बजे लोड ट्रॉला लेकर कर्नाटक के लिए चले थे। ट्राला तड़के साढे़ तीन बजे नागोरी गेट से फव्वारा चौक की तरफ आ रहा था। पुलिस के अनुसार ट्रॉला पुराने ओवरब्रिज पर चढ़कर उतरने लगा तो जाट स्कूल के सामने वाली पार्क के पास लड़ती गायें आगे आ गईं। इससे ट्रॉला अनियंत्रित हो गया। पक्का नाला न होता तो ट्रॉला दफ्तर की दीवार तोड़ सकता था। वहां के चौकीदार सीयाराम के भांजे संदीप ने बताया कि हादसा होने पर वहां जोरदार आवाज हुई थी। वे एकदम बाहर निकले तो अंदर घुसा ट्रॉला देखकर दंग रह गए। बाद में इसकी सूचना पुलिस और विभाग को दी गई।
विज्ञापन


निगम ने लगाया 31 हजार का जुर्माना
एचएयू चौकी के एसआई अमर सिंह सूचना मिलने पर टीम समेत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एक क्रेन की सहायता से ट्राले से ट्रैक्टर उतरवाकर क्षतिग्रस्त वाहन को बाहर निकलवाया गया। बिजली निगम ने ट्राला चालक पर 31 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

ट्रॉला घुसा देख वाहनों के लगे ब्रेक
ट्राला नहर विभाग की दीवार तोड़ अंदर घुसा देखकर आते-जाते वाहनों के चालकों ने ब्रेक मारे। वहां भीड़ इकट्ठी हो गई। कुछ लोग तो क्षतिग्रस्त ट्राले के साथ सेल्फी लेने लगे। हालांकि ट्रॉला दीवार के अंदर होने से यातायात प्रभावित नहीं हुआ।

पहले भी हुए हैं हादसे
हिसार। शहर में दिन के समय भारी वाहनों की एंट्री बैन है, लेकिन इसके बाद भी भारी वाहन बेरोकटोक आ रहे हैं। इससे हादसे बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि रात के समय अधिक संख्या में भारी वाहन आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है भारी वाहनों का शहर में पूरी तरह से प्रतिबंध हो, ताकि इस तरह के हादसे ना हों।

चार दिन पहले नागोरी गेट के पास पलटा था ट्रॉला
चार दिन पहले पशुओं की फीड के 660 कट्टे भरा एक ट्रॉला रात करीब साढे़ दस बजे पलट गया था। गनीमत यही थी कि उस दिन भी कोई वाहन या आदमी चपेट में नहीं आया था। अगले दिन दोपहर बाद तक यातायात दोबारा सुचारु हो पाया था।

डिवाइडर तोड़ नीचे जा गिरा था ट्रॉला
काफी अरसे पहले रात के समय नागोरी गेट से फव्वारा चौक की तरफ आ रहा एक ट्रॉला पुराने पुल का बीच का डिवाइडर तोड़कर रांग साइड क्रॉस कर दीवार तोड़ नीचे प्लॉट में जा गिरा था। उस हादसे में किसी को चोट नहीं आई थी। तब खड़ा ट्रॉला देेखकर ऐसा लग रहा था कि मानो वह पुल से नहीं गिरा, बल्कि वहां आराम से खड़ा किया गया है।

जाट कॉलेज की दीवार तोड़ घुस गई थी गाड़ी
करीब 3 साल पहले जाट कॉलेज की दीवार तोड़कर एक अनियंत्रित गाड़ी अंदर जा घुसी थी। हादसे में राजस्थान के एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। व्यक्ति उस वक्त दीवार के साथ खड़ा था और गाड़ी की चपेट में आ गया। गाड़ी में रसूखदार के बेटे सहित चार लोग सवार थे। पुलिस ने उस मामले को दबाने का प्रयास भी किया था। मौके पर ही पुलिस ने युवकों को छोड़ दिया। बाद में परिजनों ने विरोध किया तो एक युवक को गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें