हिसार। रिश्वत लेते पकड़े गए नायब कोर्ट सुनील को विजिलेंस ने बुधवार को सीजेएम राजीव की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, इस मामले के दूसरे आरोपी व जांच अधिकारी की भूमिका की जांच की जा रही है। इसी संबंध में नायब कोर्ट (हेड कांस्टेबल) सुनील को एक दिन के रिमांड पर लिया था।
एसीबी झज्जर की टीम ने सोमवार शाम को एडीजे की कोर्ट में तैनात नायब कोर्ट (हेड कांस्टेबल) सुनील कुमार को सिटी थाने के नजदीक एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया था। इस दौरान टीम ने नायब कोर्ट के पास से एक लाख रुपये बरामद किए थे। इस मामले में विजिलेंस थाने में नायब कोर्ट सुनील कुमार व मामले के जांच अधिकारी एएसआई जयप्रकाश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद आरोपी सुनील कुमार को एक दिन के रिमांड पर लिया था। वहीं, पुलिस विभाग ने एएसआई जयप्रकाश को निलंबित कर दिया था।