हिसार कापड़ो की पंचायत आईजी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करते हुए। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। कापड़ो गांव के विक्रम की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार को परिजनों, भीम आर्मी और अन्य संगठनों ने आईजी चौक पर जाम लगा दिया। करीब 10 मिनट तक जाम लगाने के बाद लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया। यहां करीब डेढ़ घंटे तक सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी डीसी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे। इस दौरान पुलिस कर्मियों के साथ गहमागहमी भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने गेट खोलने का प्रयास भी किया। बाद में एडीसी नीरज मौके पर पहुंचे तो उन्हें ज्ञापन सौंपा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट न देने का आरोप
नागरिक अस्पताल में सीएमओ कार्यालय के बाहर चार दिन से धरने पर बैठे कापड़ो गांव के ग्रामीण, भीम आर्मी और अन्य संगठन अस्पताल से प्रदर्शन करते हुए आईजी चौक पर पहुंचे। मृतक विक्रम के परिजनों ने कहा कि चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने हमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं दी है। परिजनों से बिना पूछे पुलिस शव को नागरिक अस्पताल से उठाकर मेडिकल कॉलेज अग्रोहा ले गई। तीन दिन से शव को वापस नागरिक अस्पताल की मांग कर रहे हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। भीम आर्मी के जिला प्रधान प्रदीप ने चेतावनी दी कि अगर सोमवार शाम तक शव मेडिकल कॉलेज अग्रोहा से हिसार नहीं लाया जाता तो मंगलवार को आईजी चौक के सामने रोड जाम किया जाएगा।