हांसी। शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए नगर परिषद ने 1.18 करोड़ रुपये की लागत से तीन अत्याधुनिक मशीनें खरीदने का निर्णय लिया है। इन मशीनों के शामिल होने से सड़कों, नालों और पेड़ों की देखरेख का काम अब अधिक तेज और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।
नगर परिषद द्वारा रोड स्वीपिंग मशीन, सक्शन (सकर) मशीन और ट्री कटिंग मशीन खरीदी जा रही हैं। रोड स्वीपिंग मशीन अप्रैल की शुरुआत में नगर परिषद को मिल जाएगी जिसके लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। यह मशीन मुख्य सड़कों की मशीनी सफाई करेगी, जबकि सक्शन मशीन सीवरेज व नालों की गहराई से सफाई में सहायक होगी। ट्री कटिंग मशीन सड़कों पर बाधा बनने वाली पेड़ों की टहनियों की छंटाई के काम आएगी।
धूल-मिट्टी और सीवर जाम से मिलेगी निजात
अधिकारियों के अनुसार मशीनीकृत सफाई से मैनुअल श्रम पर निर्भरता कम होगी और सफाई कार्य की गति व गुणवत्ता दोनों में सुधार आएगा। इससे धूल मुक्त सड़कें और जाम सीवरों की समस्या से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सफाई निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सबसे पहले रोड स्वीपिंग मशीन मंगवाई जा रही है जबकि अन्य मशीनें चरणबद्ध तरीके से नगर परिषद के बेड़े में शामिल होंगी।