हिसार। रायपुर गांव के पास शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे एक कार नहर के डिवाइडर से टकराकर अंदर पानी में जा गिरी। पास के होटल के कर्मियों और राहगीरों ने नहर में कूदकर कार का शीशा तोड़कर कार चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि नहर में पानी कम था। रविवार सुबह क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर से निकाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकारपुर गांव के कृष्ण ने बताया कि वह शनिवार रात गांव से शहर की तरफ आ रहा था। वह रायपुर में नहर के नजदीक पहुंचा तो सामने से एक ट्रक आ रहा था। ट्रक की लाइट आंखों में लगने के कारण उसे कुछ दिखाई नहीं दिया और कार डिवाइडर से टकराते हुए नहर में जा गिरी। आस-पास के लोगों ने कूदकर कार का शीशा तोड़कर उसे पानी से बाहर निकाला। कृष्ण ने बताया कि हादसा होने के बाद भी कार के एयरबैग नहीं खुले। पहले भी हादसे में एयरबैग नहीं खुले थे। कृष्ण के मुताबिक, अब नहर में पानी भी कम था, जिस कारण भी उसकी जान बच गई।