शांति नगर में एक प्वाइंट पर बिखरा पड़ा कचरा।
हिसार। नगर निगम की तरफ से हर रोज की तरह रविवार को शहर के सभी कचरा प्वाइंटों की सफाई व कचरे का उठान किया जाएगा। इससे पहले रविवार को शहर में सफाई नहीं करवाया जाता था।
सीएसआई राजकुमार ने बताया कि मेयर प्रवीण पोपली एवं निगम आयुक्त नीरज के आदेश अनुसार और संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल के दिशा निर्देश पर यह कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले रविवार के दिन सफाई का कार्य नहीं करवाया जाता था। मगर अब उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रविवार को शहर के सभी कचरा प्वाइंटों से सफाई एवं कचरा का उठान किया जाएगा।
रविवार को रेड स्क्वेयर मार्केट, राजगुरु मार्केट, सेक्टर 14, पुरानी ऑटो मार्केट, नई ऑटो मार्केट, नागोरी गेट के साथ-साथ अन्य कचरा प्वाइंटों की सफाई की गई और कचरे का उठान किया गया। अगले आदेशों तक यह कार्य निरंतर करवाया जाएगा। वहीं मेयर प्रवीण पोपली ने बताया कि कर्मचारियों की छुट्टी होने के कारण रविवार को सफाई और कचरे का उठान नहीं होता था। इससे शहर के कचरा प्वाइंटों पर डाला गया इधर-उधर फैल जाता था, जिससे दुर्गंध आती थी और आने जाने वालों को परेशानी होती थी। ऐसे में अब हर रोज की तरह रविवार को कचरा प्वाइंटों की सफाई करवाई जाएगी।