बस स्टैंड पर सुबह के सवा नौ बजे। अमर उजाला रिपोर्टर राखी के चलते बढ़ती भीड़ के मद्देनजर कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइंस का कितना पालन हो रहा है, यह जानने पहुंचा। डिपो का एक परिचालक बूथ पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कर रहा था। यात्रियों की भीड़, परिचालक जल्दी-जल्दी यात्रियों के माथे की ओर मशीन को करता और उन्हें जल्दी ही बस में चढ़ने का इशारा करता। परिचालक की इस जल्दी पर कुछ शक हुआ तो वहां उसके पीछे पहुंचकर देखा, मशीन कुछ नहीं दर्शा रही थी। इस पर परिचालक से पूछा- मशीन खराब है क्या? परिचालक ने कहा-नहीं मशीन बिलकुल ओके है। कुछ देर बाद फिर पूछा तो जवाब दिया- सेल डाउन है, इसलिए मशीन काम नहीं कर रही। फिर पूछा- क्या आपने इस बारे में किसी को बताया कि मशीन खराब है? इस सवाल पर परिचालक हड़बड़ा गया और भीड़ साइड पकड़कर खिसक गया।
बरती जा रही लापरवाही
वीरवार को बस स्टैंड का अमर उजाला द्वारा जो जायजा लिया गया, उसमें पाया गया कि बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों, अधिकारियों और यात्रियों द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है। न तो यात्री सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं और कर्मचारी भी सैनिटाइज और थर्मल स्क्रीनिंग जैसे नियमों की बस खानापूर्ति ही कर रहे हैं। इतना ही नहीं रोडवेज कर्मचारियों द्वारा कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें रखी हुई हैं, जिनमें सैनिटाइजर बताया जा रहा है, जबकि उनमें सैनिटाइजर है या कुछ और... कहा नहीं जा सकता।
ये आदेश दिए थे जीएम ने
खास बात यह है कि रोडवेज डिपो हिसार के जीएम स्वयं भी कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। उन्होंने कर्मचारियों को गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हुए हैं। उन्होंने बस स्टैंड पर पहुंचने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने, मास्क चेक करने, सैनिटाइज करवाने, सामाजिक दूरी का पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के कर्मचारी और अधिकारी खुद नियमों का पालन करना भूल गए हैं। बस स्टैंड से प्रतिदिन 250 से ज्यादा बसें रवाना हो रही हैं, लेकिन वीरवार सुबह एक ही परिचालक यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करता नजर आया।
यात्री घूम रहे बिना मास्क
रक्षाबंधन को लेकर बस स्टैंड पर भीड़ जुटनी शुरू हो चुकी है। ऐसे में यात्रियों द्वारा भी लापरवाही बरती जा रही है। अनेक यात्री बिना मास्क के घूमते नजर आते हैं। बस में जल्दी चढ़ने के चक्कर में सामाजिक दूरी का नियम हवाहवाई हो जाता है। इसके अलावा भी कोई सामाजिक दूरी दिखाई नहीं देती।
वर्जन
सभी कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। यदि ड्यूटी के दौरान कोई भी लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीरवार सुबह बूथ पर जिस भी परिचालक की ड्यूटी थी, उससे बातचीत की जाएगी। साथ ही मामले से जीएम को भी अवगत करवाया जाएगा।
- रमेश कुमार सहरावत, इंस्पेक्टर, बस स्टैंड