हांसी। गांव उमरा में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटके मिले गीता के शव के मामले में पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। पुलिस ने नवविवाहिता के भाई के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को रविवार को मकान के प्रथम तल पर बने कमरे में एक लाइन लिखा सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था कि मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रही हूं। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया। यह हैंडराइटिंग गीता की है या नहीं है इसकी पुलिस की तरफ से जांच करवाई जाएगी।
वहीं पुलिस की छानबीन में पता लगा कि गीता ने शनिवार शाम को आधा घंटा पहले अपनी मां से भी फोन पर बातचीत की थी। इसमें उसने किसी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
गौरतलब है कि उमरा में शनिवार शाम करीब सात बजे मकान में 22 वर्षीय गीता का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। गीता का डेढ़ महीना पहले ही उमरा के युवक विकास से विवाह हुआ था। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा लग रहा है। फिलहाल किसी तरह का पारिवारिक कलह पुलिस के सामने नहीं आया है।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के भाई के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग का मिलान करवाया जाएगा। परिजनों ने बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की इच्छा जाहिर की थी। इसलिए बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है।