बालसमंद। अखिल भारतीय क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक कर्मचारी एसोसिएशन का राज्यस्तरीय सम्मेलन 11 अक्तूबर को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) के रणबीर सिंह सभागार में किया जाएगा। बैंक के महासचिव वीरव्रत जाखड़ ने बताया कि प्रदेश में पहली बार कार्यक्रम में एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव वी. रेड्डी सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों के आने की उम्मीद है।
महासचिव के इस दौरे का उद्देश्य ग्रामीण बैंक के सम्मेलन में भाग लेकर बैंकिंग सेवाओं को मजबूत बनाना है। सम्मेलन के दौरान सभी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों और समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी। जाखड़ ने बताया कि सम्मेलन के बाद सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष के साथ एसोसिएशन की औपचारिक बैठक भी होगी। बैठक का उद्देश्य बैंक को प्रभावित करने वाले विभिन्न परिचालन, प्रशासनिक और कर्मचारी-संबंधी मामलों पर चर्चा करना है। इस दौरे से कर्मचारी संघों और बैंक नेतृत्व के बीच समन्वय को मजबूत करने और अंततः क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक क्षेत्र की बेहतरी में योगदान की उम्मीद है। संवाद