सरपंच प्रतिनिधि धर्मपाल सांगा की हत्या के आरोपी को एसटीएफ की टीम ने वारदात के 36 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया है। क्रांतिमान पार्क के नजदीक मटका चौक से गिरफ्तार आरोपी कुलेरी गांव निवासी विनोद कुमार उर्फ विनोदी से पुलिस ने अवैध पिस्तौल 315 बोर और एक कारतूस भी बरामद किया है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।
एसटीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर पवन कुमार अपनी टीम के साथ अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मटका चौक पर गश्त पर थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे युवक को शक के आधार पर काबू और तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक पिस्तौल व कारतूस बरामद हुए। उसने अपनी पहचान विनोद के रूप में बताई। उस पर सोमवार को धर्मपाल सांगा की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। एसटीएफ की टीम में मुख्य सिपाही नवीन और विजय कुमार, एचएपी के सिपाही अजय कुमार और आईआरबी के सिपाही अजय कुमार शामिल थे।
आरोपी विनोद पर ये मुकदमे हैं दर्ज
इंस्पेक्टर पवन कुमार के अनुसार विनोद पर सिविल लाइन थाने में 302, 34 आईपीसी और शस्त्र अधिनियम की धारा और अग्रोहा में धारा 307, 160, 34 व शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज हैं।
यह था मामला
सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे लाजपत नगर निवासी धर्मपाल सांगा जैसे ही अपने घर के बाहर कचरे की रेहड़ी में कूड़ा डालने निकले तो वहां बाइक सवार दो युवकों ने उनके उपर गोलियां दाग दी। वारदात के दौरान धर्मपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। हत्यारोपियों में से एक ने हेलमेट डाला हुआ था तो दूसरे ने कपड़े से अपना मुंह ढका हुआ था। मामले में पुलिस ने धर्मपाल सांगा की पत्नी सुषमा की शिकायत पर रमेश, अमीन, सलीन, बलजीत, जाकिर हुसैन, राजेंद्र और कुलदीप के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए-1, 2 और एसटीएफ व एवीटी टीमें गठित की थीं, जो वारदात के बाद से ही छापेमारी कर रही थीं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई थीं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- गंगाराम पूनिया, एसपी, हिसार
इनसेट के लिए खबर
राकेश पंडित के हमलावर 15 दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से बाहर
हिसार। पार्षद पद का चुनाव लड़ चुके राकेश पंडित पर हमले के आरोपी भी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। राकेश पंडित पर कृष्णा नगर में 20 फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक व कार सवार कुछ युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। उस दौरान राकेश को गंभीर अवस्था में अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। मामले में पुलिस ने राकेश की शिकायत पर कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस को दिए बयान में राकेश ने हमले की वजह चुनावी रंजिश बताई थी। वारदात को अंजाम दिए करीब 15 दिन हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।